साल के पहले ही दिन तेज रफ्तार ने दो घरों के चिराग बुझा दिए। साहिबाबाद के करहेड़ा स्थित राजू कॉलोनी निवासी ललित (21) और राजीव कॉलोनी निवासी अंशुल (22) की 31 दिसंबर की देर रात करीब एक बजे सड़क हादसे में मौत हो गई। दोनों अपने एक और दोस्त सूरज के साथ राजनगर एक्सटेंशन स्थित मॉल से ड्यूटी करके घर लौट रहे थे। करहेड़ा मोड़ के पास स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर की रेलिंग से भिड़ गई। हादसे में घायल सूरज की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है। वहीं परिजनों ने कार की टक्कर लगने से हादसा होने की बात कही है।
2 of 6
तीन साल से कर रहे थे काम
- फोटो : अमर उजाला
झूला झुलाने का काम करते थे दोनों
एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि ललित व अंशुल राजनगर एक्सटेंशन स्थित दिल्ली 6 मॉल में झूला झुलाने का काम करते थे। मॉल में नए साल के मौके पर आयोजन भी था। काम ज्यादा होने की वजह से 31 दिसंबर को दोनों अपने साथ सूरज को भी ले गए थे।
3 of 6
तीनों ने नहीं पहना था हेलमेट
- फोटो : अमर उजाला
तीनों ने नहीं पहना था हेलमेट
पुलिस से बातचीत में ललित के भाई बंटी ने बताया कि दोनों ड्यूटी के बाद हर रोज समय से घर आ जाते थे। बुधवार रात करीब 12 बजे दोनों से उनकी बात हुई थी। तब ललित ने काम खत्म होने और जल्द घर आने की बात कही। इसके बाद तीनों ने होटल पर खाना खाया और स्कूटी से घर की तरफ आ रहे थे। रात करीब एक बजे सूरज ने उन्हें फोन किया और हादसा होने की बात कही। वह अपने पिता के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और तीनों को अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने अंशुल और ललित को मृत घोषित कर दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि स्कूटी सवार तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था।
4 of 6
पढ़ते भी थे दोनों
- फोटो : अमर उजाला
पढ़ाई के साथ-साथ नौकरी करते थे ललित व अंशुल
बंटी ने बताया कि अंशुल पॉलीटेक्नीक की पढ़ाई कर रहा था। इसके साथ ही पिछले करीब तीन वर्षों से मॉल में नौकरी भी कर रहा था। वहीं ललित बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। अंशुल के परिवार में उसके माता-पिता और एक भाई हैं। वहीं ललित के परिवार में एक भाई और पिता हैं। दोनों युवक परिवार के जीवन यापन में मददगार बनकर और अपनी पढ़ाई के खर्च को उठाने के लिए नौकरी कर रहे थे।
5 of 6
तेज रफ्तार और ब्रेकर भी मानी जा रही हादसे की वजह
- फोटो : अमर उजाला
ब्रेकर भी हो सकती है हादसे की वजह
हादसे की वजह पर संशय में पुलिस ने जब सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तब हादसे के समय एक कार तेज रफ्तार में निकलती हुई दिखाई दी है। परिवार वालों का आरोप है कि कार की टक्कर से स्कूटी रेलिंग से टकराई और हादसा हुआ। वहीं पुलिस इस बात की पुष्टि नहीं कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्पीड ब्रेकर भी बना हुआ है। यह आशंका है कि स्पीड ब्रेकर पर तेज रफ्तार के चलते स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर बनी रेलिंग से टकराई हो। हालांकि इस संशय को दूर करने के लिए पुलिस अन्य सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाल रही है।