फरीदाबादः मरने से पहले राहुल ने व्हाट्सएप पर बताया था 'सच', किसी ने पढ़ा होता तो जिंदा होते राहुल-प्रिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ब्रॉडकास्ट मैसेज में लड़की को बताया धोखेबाज
राहुल ने सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे अपने मोबाइल की फोन लिस्ट का एक ब्रॉडकास्ट ग्रुप बनाकर उसमें एक संदेश भेजा था। जिसमें उसने लिखा था कि वह आज एक ऐसी लड़की को सजा देने जा रहा है, जिसने उसे और उसके परिवार को धोखा दिया है। लड़की उससे लगातार झूठ बोल रही है और अपने परिजनों को भी अंधेरे में रख रही है। उसने लिखा कि वह आत्महत्या के लिए मजबूर हो चुका है, अगर वह अकेला मर गया तो सच्चाई दब के रह जाएगी। वह लड़की को ऐसी सजा देना चाहता है जिससे वह किसी और की जिंदगी खराब ना कर सके।
संदेश के आखिर में राहुल ने लिखा कि सच्चाई जानने के लिए उसके जाने के बाद उसके व्हाट्सएप चैटिंग व मोबाइल में पड़े फोटो और वीडियो को देख लें 'गुड बाय'। राहुल ने यह संदेश कई दोस्तों को भेजा जिसमें उसके मकान मालिक मनीष का नंबर भी था। मनीष ने बताया कि वह पढ़ा लिखा नहीं है इसलिए उसने ध्यान ही नहीं दिया कि यह सब क्या है।
दो साल से एक-दूसरे को जानते थे प्रिया और राहुल
राहुल के मोबाइल में मिले संदेश से पता लगता है कि दोनों एक दूसरे को करीब दो साल से जानते थे। राहुल प्रिया के घर अपने रिश्ते की बात करने भी गया था लेकिन बात आगे नहीं बढ़ सकी। सूत्रों के मुताबिक प्रिया की सगाई किसी लड़के से तय हो चुकी थी। इस बात को लेकर भी राहुल परेशान रहने लगा था। राहुल के परिजन भी प्रिया के बारे में जानते थे। प्रिया की मां रेखा ने भी सोमवार को पर्वतीया कालोनी में दी प्रिया की गुमशुदगी की शिकायत में राहुल का जिक्र किया था।
गुरुग्राम में नौकरी करते थे राहुल और प्रिया
राहुल और प्रिया गुरुग्राम में नौकरी करते थे। एनआईटी दो चौकी प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि प्रिया गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी। वहीं राहुल भी गुरुग्राम में ही एक कंपनी में जॉब करता था। दोनों एक ही कंपनी में थे या नहीं यह कह पाना अभी मुश्किल है। राहुल के मकान मालिक मनीष के मुताबिक प्रिया रोजाना सुबह करीब साढ़े आठ बजे राहुल के पास आती थी और उसके बाद दोनों नौकरी पर चले जाते थे। राहुल सुबह सुबह दूध बांटने का काम भी करता था। वह अल सुबह करीब साढ़े तीन बजे ही अपनी मोटरसाइकिल से निकल जाता था और करीब सात बजे तक वापस आ जाता था।