दिल्ली की शिक्षिका शिवांगी के ससुराल वाले भले ही आत्महत्या बता रहे हों, लेकिन मायकेवालों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने भी तफ्तीश के बाद हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शिवांगी के परिवार का दावा है कि मंगलवार देर रात प्रशांत शराब के नशे में घर पहुंचा था, जिसके बाद उसका शिवांगी से झगड़ा हुआ और उसने शिवांगी के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। अब इस मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया है...
शिवांगी के पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही बेटी को दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। छह माह पूर्व ही परिवार ने दामाद को कार भी दी थी। कुछ माह पूर्व शिवांगी की ननद अपने मायके में आकर रहने लगी थी, जिसके बाद से शिवांगी और उसके पति का ज्यादा झगड़ा होने लगा था। पुलिस इन सभी दृष्टिकोण पर छानबीन कर रही है।
शिवांगी के चचेरे भाई मृगांक नरूला ने बताया कि शिवांगी ने कड़कड़डूमा इलाके के एक निजी कॉलेज से बीबीए किया था। प्रशांत उसका क्लासमेट था। इसके बाद दोनों ने एक निजी कंपनी में साथ नौकरी भी की, जहां दोनों में दोस्ती हो गई। बीएड और एमएड करने के बाद शिवांगी विवेक विहार के एक नामी स्कूल में पढ़ाने लगी थी और प्रशांत ने आनंद विहार में जूतों की दुकान खोल ली। परिवार की मर्जी से दोनों ने 21 जून 2018 को शादी कर दी। दोनों के घर आसपास थे। शादी के कुछ दिन बाद ही दोनों में झगड़ा होने लगा था।
प्रशांत के पिता ग्राउंड फ्लोर पर अपना प्रॉपर्टी का कारोबार करते हैं। दूसरी मंजिल पर शिवांगी और सास-ससुर तीसरी मंजिल पर रहते थे। परिवार का आरोप है कि शिवांगी की ननद ने मायके आने के बाद उनके मामलों में दखल देना शुरू कर दिया था, जिसके बाद दोनों के बीच झगड़े शुरू हो गए। मंगलवार को भी इसी बात पर झगड़ा हुआ और शिवांगी की हत्या कर दी गई। वहीं, शिवांगी के ससुराल वाले उसकी हत्या करने की बात को मानने के लिए तैयार ही नहीं है।
हत्या पर पर्दा डालने का प्रयास
शिवांगी के पिता राजीव नरूला ने बताया कि उसके ससुराल वालों ने बेटी की हत्या को छिपाने का भरपूर प्रयास किया। बेटी को गोली लगने की सूचना भी परिवार को नहीं दी गई। उन्हें 60 फुटा रोड पर रहने वाले एक रिश्तेदार ने कॉल कर 10.45 बजे बेटी की मौत की सूचना दी। सुबह करीब 9.00 बजे जब रोजाना की तरह काम करने के लिए नौकरानी प्रशांत के घर पहुंची तो उस समय शिवांगी घायल थी। उसे वहीं बिठा लिया गया। करीब 10.30 बजे प्रशांत खुद शिवांगी को अस्पताल ले गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार का आरोप है कि रात में ही किसी समय शिवांगी की हत्या कर दी गई। उसके शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं।