दिल्ली के पीरागढ़ी में 12 वर्षीय लड़की के साथ 4 अगस्त को दुष्कर्म हुआ और उसके बाद उसे अधमरा कर आरोपी भाग गए। इसके बाद किसी तरह खून से लथपथ बच्ची अपने कमरे से बाहर निकली और पड़ोसी के दरवाजे तक पहुंची। एक पड़ोसी ने बताया है कि उस भयावह शाम को क्या-क्या हुआ और उन लोगों ने जब बच्ची को पहली बार देखा तो क्या सोचा था और वह किस हालत में थी....
12 वर्षीय बच्ची से दरिंदगीः पड़ोसी ने बताया- जब पहली बार कमरे से निकली तो सबने सोचा छत से गिरी है वो
मरा हुआ समझकर छोड़ गया
जिस घर में लड़की बतौर किराएदार रहती है, वहां के मकान मालिक से जब बात हुई तो उन्होंने बताया कि यह वारदात 4 अगस्त की शाम की है। लड़की बुरी तरह घायल अवस्था में अपने कमरे से बाहर आई और रेलिंग का सहारा लेकर वह छज्जे पर आकर खड़ी हो गई। एक अन्य कमरे में 60 साल की एक महिला रहती हैं। लड़की ने उनसे मदद मांगी। कहा मुझे बचा लो। महिला को लगा शायद वह छत से नीचे गिर गई है और उसके सर में चोट लगी है।
आस पड़ोस के लोग भी आ गए और उसे तुरंत ही नजदीक के डॉक्टर के पास ले गए। उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टर ने तुरंत ही उसे बड़े अस्पताल ले जाने के लिए कहा। जिसके बाद उसे संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया। जहां से बाद में फिर उसे एम्स रेफर कर दिया गया। पड़ोसियों का कहना है कि वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी बच्ची को मरा हुआ समझकर उसे कमरे के अंदर ही छोड़ दरवाजा बन्द कर फरार हो गया था। लेकिन भागते वक्त वह दरवाजे का कुंडा लगाना भूल गया था।
आरोपी कृष्ण पर पहले से दर्ज हैं चार मामले
वेस्टर्न रेंज की जॉइंट कमिश्नर शालिनी सिंह ने बताया कि कृष्ण पर 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं। एक मामला वर्ष 2006 का है, जिसमें वह चोरी के इरादे से एक घर में घुसा था और जब उसका विरोध किया गया तो उसने एक शख्स को मौत के घाट उतार दिया था। इसके अलावा एक मामला हत्या के प्रयास का है, जबकि दो चोरी के मामले दर्ज है।
मंगोलपुरी के ठेके से शराब खरीदी
पुलिस का कहना है कि अब तक हुई पूछताछ में कृष्ण ने खुलासा किया है कि 4 तारीख की दोपहर को वह मंगोलपुरी में अपने घर से बाहर निकला। पहले उसने मंगोलपुरी स्थित एक शराब के ठेके से हाफ बोतल खरीदा, फिर उसे पिया और नशे में धुत होने के बाद वह चोरी करने के लिए चल दिया। रेलवे लाइन पार कर वह उस घर में दाखिल हुआ था।