Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   An offering was made to the setting sun amidst the echoes of folk songs.

Delhi NCR News: कृपा बनइले रहिहऽ छठी मइया...गीतों के बीच डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Sun, 15 Nov 2026 10:01 PM IST
विज्ञापन
यमुना के घाटों से लेकर राजधानी की सैकड़ों कॉलोनियों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
विज्ञापन


आज उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न होगा चार दिवसीय महापर्व



अमर उजाला ब्यूरो

नई दिल्ली/पूर्वी दिल्ली। कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए...जैसे पारंपरिक छठ गीतों की गूंज के बीच रविवार को राजधानी में लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। पूर्वांचल की लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक उस समय देखने को मिली, जब हजारों की संख्या में व्रती और उनके परिजन पूजा की टोकरी लेकर यमुना के घाटों और विभिन्न जलाशयों की ओर निकले। पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार के जीरो पुश्ता, ढाई पुश्ता और साढ़े तीन पुश्ता से लेकर वजीराबाद, सिग्नेचर ब्रिज और शकरपुर तक घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य देकर व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान कई घाटों पर आतिशबाजी के साथ भंडारे का आयोजन किया गया।



छठ पर्व के तीसरे दिन दोपहर बाद से ही घरों में पूजा की तैयारियां शुरू हो गई थीं। बांस की टोकरी और सूप में फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना, मौसमी फल तथा अन्य पूजन सामग्री सजाकर व्रती परिवार के सदस्यों के साथ घाटों की ओर रवाना हुए। कई जगह श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ छठ गीत गाते हुए पहुंचे। आज सुबह सूर्योदय के समय व्रती पानी में खड़े होकर सूर्यदेव को दूसरा अर्घ्य देंगे। इसके बाद पूजा संपन्न कर प्रसाद ग्रहण करेंगे और 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण करेंगे। इसी के साथ सूर्य उपासना, संयम और लोक आस्था का यह चार दिवसीय महापर्व संपन्न हो जाएगा।
विज्ञापन




यमुना के घाटों से कॉलोनियों तक दिखा उत्साह



यमुना नदी के दोनों किनारों पर स्थित पुराना यमुना पुल, कुदसिया घाट, गीता कॉलोनी, बस अड्डा, चंदगी राम अखाड़ा और वजीराबाद घाट समेत विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। इसके अलावा भलस्वा झील, जहांगीरपुरी, कालिंदी कुंज, नरेला, उत्तम नगर, डाबड़ी, ककरौला, बदरपुर, सरिता विहार, आश्रम, जैतपुर, संगम विहार, देवली, महरौली, पालम, महावीर एन्क्लेव, इंद्रप्रस्थ एक्सटेंशन, नांगलोई, सुल्तानपुरी और मंगोलपुरी सहित राजधानी के सैकड़ों स्थानों पर छठ पूजा आयोजित की गई। मुनक नहर बढ़ाई गई 11 किलोमीटर लंबे घाट पर भी बड़ी संख्या में व्रती अर्घ्य देने पहुंचे।
विज्ञापन
विज्ञापन

पूजा समितियों ने संभाली व्यवस्था
यमुना किनारे बने घाटों से लेकर कॉलोनियों के पार्कों और मैदानों तक छठी मैया के गीत गूंजते रहे। पूजा समितियों ने कई दिनों की तैयारी के बाद साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल, प्रवेश और निकास की व्यवस्था संभाली। सोनिया विहार में छठ पूजा समाज सुधार समिति की ओर से जीरो पुश्ता, ढाई पुश्ता, साढ़े तीन पुश्ता, साढ़े चार पुश्ता, मिलन गार्डन और चौहान पट्टी समेत छह स्थानों पर आयोजन किया गया। समिति के अध्यक्ष वाईके झा के अनुसार इन स्थानों पर करीब ढाई लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की व्यवस्था की गई थी। वजीराबाद में छठ सेवा समिति के अध्यक्ष शशि शेखर, पूर्वांचल मित्र महासभा के अध्यक्ष उत्तम सिंह और पूर्वांचल एकता संघ के अध्यक्ष पंकज सिंह की समितियों की ओर से आयोजन किया गया। बिहार मित्र मंडल के अध्यक्ष सरोज कुमार मिश्रा की समिति ने भी यहां पूजा कराई। घाट पर सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वयंसेवक तैनात रहे। रेनीवेल-7 पर पूर्वांचल विकास संगठन एवं छठ पूजा समिति की ओर से भव्य आयोजन किया गया। अध्यक्ष अभय सिन्हा और प्रधान महासचिव पवन कुमार के नेतृत्व में समिति के सदस्यों ने व्यवस्थाएं संभालीं। यहां पूजा-अर्चना के साथ भोजपुरी के अंतरराष्ट्रीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed