रुपये ऐंठने के लिए चार शादियां करने वाली शातिर महिला के खिलाफ कोर्ट ने एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है। पेश मामले में कोर्ट ने पीड़ित पति के पक्ष में फैसला सुनाया है।
रोहिणी कोर्ट की महा दंडाधिकारी नेहा गुप्ता सिंह ने सुनवाई के दौरान कहा कि दस्तावेज के आधार पर साफ होता है कि आरोपी महिला ने कम से कम 4 शादियां कीं और चार पुरुषों को अपने जाल में फंसाया। मामले को गंभीरता से लेते हुए कोर्ट ने एसएचओ को नोटिस जारी कर महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
वहीं, कोर्ट में पीड़ित पति ने दलील दी कि उसकी पत्नी ने पहले भी कई पुरुषों को ठग रखा है। पीड़ित ने मेडिकल रिकॉर्ड के जरिये कोर्ट को बताया कि उसकी पत्नी के एक पूर्व पति को पागलखाने में रखा गया है। उसने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी रैकेट चलाती है। पुरुषों को जाल में फंसाकर शादी करती है और उसके बाद पैसे ऐंठती है। याचिका में पत्नी के खिलाफ आपराधिक षड़यंत्र, धोखाधड़ी, उगाही और कई शादियां करने के मामले दर्ज करने की मांग की है।
पीड़ित ने बताया कि उसकी शादी नवंबर 2011 में हुई थी। 2014 में बेटे के जन्म के बाद दोनों के रिश्ते में खटास आने लगी। बेवजह के झगड़े होने लगे। वहीं, पत्नी ने उसे 10 लाख रुपये देने के दबाव बनाया और न देने पर क्रूरता का मुकदमा दर्ज करवाने की धमकी दी। उधर, वकील ने बताया कि महिला ने अपने पहले पति के खिलाफ भी केस कर दिया था, जिसके बाद उन्हें 2 साल जेल में रहना पड़ा। वह अपना मानसिक संतुलन खो चुके है।
महिला के एक और पीड़ित पति के बारे में बताते हुए कहा कि 2006 में महिला ने शादी की थी। दोनों के बीच दहेज के केस को लेकर समझौता हुआ , लेकिन महिला ने 7 साल बाद फिर केस खुलवा दिया।