दिल्ली के जीटी रोड पर जिंदल ऑयल मिल के नाम से जाने जानी वाली इमारत के आसपास भीड़ की वजह से अफरातफरी का माहौल था। मिल की बिल्डिंग के बाहर भारी पुलिस बल का बंदोबस्त था। शाहदरा फ्लाईओवर के ऊपर व नीचे ट्रैफिक की गति भी काफी धीमी थी। हर कोई इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रहा था कि आखिर घटनास्थल पर क्या हुआ। जिसे ही उनका पता चलता कि पांच लोगों की हत्या हुई, हर शख्स हत्या की वजह जानने का प्रयास करता, लेकिन पुलिसकर्मी लोगों को वहां से चलता कर दे रहे थे।
जब एक-एक कर इस घर से निकली चार महिलाओं की लाशें तो पूरे इलाके में मच गई सनसनी
सुबह करीब 8: 00 बजे से शुरू हुई हलचल देर शाम तक जारी रही। इमारत में रहने वाला कोई भी शख्स बाहर नहीं निकल रहा था। कुछ रिश्तेदार जरूर घर के अंदर जा रहे थे। हर किसी की जुबान पर बस यही था कि आखिर मां-बेटियों और गार्ड की हत्या क्यों की गई और किसने इनको मारा।
एक साथ पांच लोगों की हत्या की खबर के बाद मीडिया का भी वहां जमावड़ा लग गया था। कई चैनलों की ओबी वैन जगह का अभाव होने के बाद भी वहां खड़ी हुई थीं। परिवार के एकआध शख्स ने मीडिया से बातचीत करने का भी प्रयास किया, पुलिस उनको बातचीत नहीं करने दे रही थी। दोपहर करीब 2:50 बजे एंबुलेंस के जरिये पांचों के शव जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी भेजे गए। वहीं दिन भर बड़े पुलिस अधिकारियों व जांच दल का मौके पर आना जाना लगा रहा।
टाइम लाइन...
6 अक्तूबर की रात
12: 00 बजे : उर्मिला के भतीजे ने आखिरी बार अपनी चाची व बहनों को घर में ठीकठाक देखा था। इसके बाद वह सोने चला गया था।
7 अक्तूबर
6: 30 बजे सुबह : फूल देने वाले शख्स ने गार्ड राकेश को आवाज लगाई, नहीं आने पर वह अंदर गया था राकेश का शव पड़ा मिला। तभी गार्ड की हत्या की पीसीआर कॉल की गई।
6:40 बजे : पीसीआर वाहन मौके पर पहुंची।
7:15 बजे : गार्ड की हत्या के बाद परिवार कार की चाबी लेने उर्मिला के घर गया तो वहां मिली चारों महिलाओं की लाश, उसके बाद चार और हत्याओं की की गई पीसीआर कॉल।
9: 00 बजे : पुलिस उपायुक्त नुपुर प्रसाद मौके पर पहुंची, जांच शुरू की।
10: 30 बजे : घटना स्थल पर संयुक्त आयुक्त रविंद्र यादव भी पहुंचे।
12: 00 बजे : स्पेशल सीपी लॉ एंड आर्डर एसबीके सिंह भी मौके पर पहुंचे।
01.50 बजे : एफएसएल टीम मौके पर छानबीन के लिए पहुंची।
02.40 बजे : कुछ शवों को एंबुलेंस के जरिये भेजा गया।
02.50 बजे : बाकी शवों को भी एंबुलेंस से जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया।