रायवाला में बीते बृहस्पतिवार को युवक की हत्या के खुलासे से उपजा उपद्रव आसपास के क्षेत्रों में भी फैलने लगा है। रायवाला, श्यामपुर और ऋषिकेश में कुछ लोगों ने कई दुकानों को निशाना बना दिया।
इस दौरान ऋषिकेश और रायवाला में उपद्रवियों ने दो दुकानों और एक खोखे में आगजनी कर दी, जबकि कुछ दुकानों में तोड़फोड़ भी की गई है। शांतिनगर क्षेत्र में एक परिवार के साथ मारपीट का मामला भी सामने आया है। गौहरीमाफी निवासी लक्ष्मण सिंह कलूड़ा की हत्या के खुलासे के बाद बीते बृहस्पतिवार को रायवाला में उपद्रवियों ने कुछ दुकानों और वाहनों को निशाना बनाकर उनमें तोड़फोड़ कर दी थी।
शुक्रवार को रायवाला समेत श्यामपुर और ऋषिकेश में भी उपद्रवियों ने एक समुदाय की दुकानों को निशाना बना दिया। रायवाला में बृहस्पतिवार रात उपद्रवियों ने कपड़ों की एक दुकान में आग लगा दी, जिससे उसमें रखा लाखों रुपये का कपड़ा जलकर खाक हो गया। शुक्रवार को शहर में हरिद्वार मार्ग पर कोयलघाटी के पास मुख्य सब्जी मंडी के मेन गेट के समीप कुछ लोगों ने दिनदहाड़े एक फल विक्रेता की दुकान फूंक डाली।
शांतिनगर में भी एक परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। लगातार दो दिन तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाओं के मद्देनजर प्रशासन ने ऐहतियातन कुछ इलाकों में धारा 144 लागू कर दी है। शुक्रवार को एसडीएम हरि गिरि ने बताया कि रायवाला क्षेत्र में मुर्गीफार्म, रायवाला थाने के आसपास के इलाके, खेल मैदान के समीपवर्ती इलाकों, श्यामपुर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत पड़ने वाले सभी इलाकों और आईडीपीएल क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी गई है।
बताया कि प्रशासन और पुलिस शरारती तत्वों को ट्रेस करने में जुटी है। उपद्रवियों को किसी भी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा। उन्हें चिह्नित करने के बाद इन घटनाओं को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जाएगा।