दिल्ली के करावल नगर में इलेक्ट्रॉनिक शोरुम में चोरी के इरादे से घुसे आधा दर्जन बदमाशों को कारोबारी अशोक (55) ने नाकोचने चबा दिए। बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। अशोक ने भी जांबाजी दिखाते हुए अपनी रायफल से बदमाशों पर गोली चला दी। मुठभेड़ में एक बदमाश सिर में गोली लगने से मौके पर ढेर गया। साथी के ढेर होते ही बदमाश के पांव उखड़ गया और वह मौके से फरार हो गए। दरअसल शोरूम मालिक ने सीसीटीवी से मोबाइल पर अलर्ट मिलने के बाद पड़ोसी कारोबारी को सूचित कर दिया। कारोबारी के वहां पहुंचने पर यह घटना हुई। अब पुलिस ने कारोबारी को उसकी बहादुरी के लिए सम्मानित करने का निर्णय किया है।
इस मामले में खबर मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। घटना स्थल से तीन तमंचे आर एक बाइक बरामद हुई है। ढेर हुए बदमाश की पहचान वेलकम निवासी दानिश (20) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ पहले से पांच अपराधिक मामल दर्ज हैं। इधर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने जांबाज कारोबारी अशोक को सम्मानित करने का फैसला किया है। बता दें कि जिस इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में बदमाश चोरी के इरादे से दाखिल हुए थे, उसमें एक माह पूर्व भी चोरी हुई थी। पुलिस ने शोरूम का डीवीआर कब्जे में लेकर बाकी बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
करावल नगर स्थित रामा गार्डन मेन रोड पर आकाश जैन नामक कारोबारी का जैन इंटरप्राइजेज के नाम से इलेक्ट्रॉनिक शोरूम है। जांबाज कारोबारी अशोक कुमार की आकाश जैन के शोरूम के बराबर में फर्नीचर की दुकान है। वह उसके ऊपर ही रहते हैं। वहीं आकाश मेन रोड पर ही दुकान से 500 मीटर की दूरी पर रहते हैं। शुक्रवार रात करीब 2.55 बजे उनके शोरूम में कुछ बदमाश घुस गए। बदमाशों ने जैसे ही सीसीटीवी कैमरे से छेड़छाड़ की आकाश के पास अलर्ट आ गया। फौरन उन्होंने पड़ोसी अशोक से दुकान को चेक करने के लिए कहकर कुछ ही देर में पहुंचने की बात की।
इधर अशोक जैसे बदमाशों को देखने बाहर निकले अचानक एक बदमाश ने उन पर गोली चला दी। अशोक फौरन घर में गए और अपनी लाइसेंसी रायफल लेकर बदमाशों पर जवाबी गोली चलाई। बदमाशों ने चार गोलियां चलाई, जबकि अशोक ने तीन गोलियां चलाई। तीन बदमाश शोरूम की छत से गोली चला रहे थे। एक गोली बदमाश के सिर में लगी, जिसके बाद बाकी बदमाश उसकी लाश छत पर ही छोड़कर फरार हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। बदमाश के सिर में गोली लगी थी।
पुलिस को घटना स्थल से दो तमंचे, एक चोरी की बाइक व मृत बदमाश के पास से एक तमंचा व कुछ कारतूस बरामद हुए। मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। अशोक की बहादुरी लेकर मार्केट के लोगों ने उनकी जमकर तारीफ की। पुलिस ने भी उन्हें सम्मानित करने का फैसला किया है।