रविवार रात भंगेल में लूट के लिए व्यापारी दिवाकर कंसल (22) की गोली मारकर हुई हत्या के खिलाफ सोमवार सुबह व्यापारियों ने दो घंटे तक डीएससी मार्ग जाम रखा। साथ ही सोमवार को अपनी दुकानें भी बंद रखीं। व्यापारियों ने जाम खुलवाने पहुंचे अधिकारियों के सामने हत्या के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग रखी।
व्यापारियों ने पुलिस को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम, हत्या से नाराज हो लगाया लंबा जाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डीआईजी/एसएसपी लव कुमार ने बताया कि पुलिस आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। साथ ही इस तरह के मामलों में पूर्व में जेल जा चुके बदमाशों की कुंडली भी खंगाली जा रही है। हत्या की ये वारदात भंगेल पुलिस चौकी से लगभग 100 मीटर की दूरी पर हुई थी। पूरे मामले में भंगेल चौकी प्रभारी अरुण कुमार की लापरवाही सामने आने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे गुस्साए व्यापारियों ने भंगेल पुलिस चौकी के पास रास्ते पर जाम लगा दिया। इससे सैकड़ों वाहन चालक जाम में फंस गए। जाम की सूचना मिलते ही एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह व सीओ-तृतीय श्वेताभ पांडेय और सिटी मजिस्ट्रेट महेंद्र कुमार सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने वाहन चालकों को जाम से बचाने के लिए भंगेल के सामने डायवर्जन लागू कर दिया। नोएडा से आने वाले वाहन चालकों को सालारपुर यू-टर्न के पास से एक्सप्रेसवे की तरफ मोड़ दिया गया। वहीं, ग्रेटर नोएडा से आने वाले वाहन चालकों को सेक्टर-82 पेट्रोल पंप तिराहे से एक्सप्रेसवे की और मोड़ दिया गया।डायवर्जन लागू करने के बाद सीओ और सिटी मजिस्ट्रेट ने नाराज व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया। व्यापारी हत्यारोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़े रहे। इस पर पुलिस ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच दिन का समय मांगा। व्यापारी इससे संतुष्ट नहीं हुए। व्यापारियों ने 24 घंटे में हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग रखते हुए करीब दो घंटे बाद 10:30 बजे जाम खोला। हालांकि विरोध में व्यापारियों ने दुकानें बंद रखीं।
रविवार रात हुई हत्या के बाद पूरे जिले से पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया था। सोमवार सुबह दोबारा सड़क जाम करने पर फिर पूरे नोएडा से सभी थाना प्रभारियों को पुलिस फोर्स के साथ मौके पर तैनात कर दिया गया। सोमवार को जाम खुलवाने के बाद दो थाना प्रभारी सेक्टर-94 स्थित पोस्टमार्टम हाउस पर तैनात कर दिए गए। एक थाना प्रभारी को दिवाकर के घर पर तैनात किया गया था। इसके अलावा डेढ़ सेक्शन पीएसी और तीन थानों के प्रभारी भंगेल पुलिस चौकी पर तैनात रहे। सोमवार शाम को भंगेल स्थित शमशान घाट पर दिवाकर का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान भी कई थाना प्रभारी फोर्स के साथ अंतिम संस्कार के वक्त मौजूद रहे।
सीसीटीवी में कैद हुए हत्यारोपी
दिवाकर की हत्या रविवार रात करीब 9:45 बजे भंगेल पुलिस चौकी से चंद दूरी पर मौजूद उनकी दुकान मुकुल किराना स्टोर के पास हुई थी। उस वक्त वह दुकान बंद कर अपने पिता राज कुमार कंसल के साथ पैदल घर लौट रहे थे। बाइक सवार तीन बदमाशों ने नकदी से भरा बैग लूटने का विरोध करने पर दिवाकर पर छह गोलियां चलाईं थी। इसमें से तीन गोलियां दिवाकर को लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। दिवाकर की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने यथार्थ अस्पताल के बाहर पहुंची पुलिस की पीसीआर-18 वैन का शीशा तोड़ दिया था। उग्र लोगों को देख मौके से पुलिस को भागना पड़ा था। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने फोर्स के साथ मौके पर पहुंच रविवार देर रात गुस्साई भीड़ को काबू किया था। बताया जा रहा है कि दिवाकर की हत्या करने के बाद तीनों बदमाश बाइक से भंगेल पुलिस चौकी के सामने से होते हुए भागकर निकल गए। भागते हुए बदमाशों का वीडियो मार्केट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। सीसीटीवी रिकॉर्डिंग के अनुसार एक बदमाश ने हेलमेट पहन रखा था। बाकी दोनों का चेहरा खुला हुआ था। हालांकि रिकॉर्डिंग साफ नहीं है। पुलिस मार्केट में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है।