फरीदाबाद के इंद्रा कॉलोनी स्थित सरकारी स्कूल के एक अध्यापक पर छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि अध्यापक स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं को किसी न किसी बहाने अपने पास बुलाकर उनके साथ गलत हरकतें करता था। तीन दिन पहले एक बच्ची ने हिम्मत कर यह बात अपने परिजनों को बताई। परिजनों ने इसकी शिकायत महिला थाने में की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कार्रवाई न होने से नाराज परिजनों व कॉलोनीवासियों ने शुक्रवार को स्कूल पर प्रदर्शन किया।
पढ़ाने की जगह स्कूल में अश्लील हरकतें करता था टीचर, खुला राज तो हुआ हंगामा
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चियों से बात की। मामले की गंभीरता को समझते हुए जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सतेंद्र वर्मा भी वहां पहुंचीं और स्कूल प्रशासन से जानकारी मांगी। फिलहाल महिला थाना पुलिस ने बच्चियों के बयान ले लिए हैं। जांच के बाद मामला दर्ज किया जाएगा। पीड़ित बच्चियों का कहना है स्कूल का अध्यापक इंद्र सिंह पिछले कई महीने से उनके साथ अश्लील हरकत कर रहा था।
बच्चियों को बुलाकर तरह-तरह की गलत बातें पूछता था। तीन दिन पहले भी एक बच्ची से अध्यापक ने अश्लील बातें पूछी। घबराकर बच्ची ने यह बात अपने ताऊ की बेटी को बताई। मामले की गंभीरता को समझते हुए बहन ने अपनी मां और उसके बाद बच्ची की मां को भी यह बात बता दी। इसके बाद परिजन शिकायत लेकर पहले स्कूल के प्रधानाचार्य के पास गए।
फिर महिला थाने पहुंचे लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो नाराज परिजनों ने स्कूल पर हंगामा किया। भीड़ को बढ़ता देख सेक्टर-7 थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और उन्होंने अभिभावकों को किसी तरह से शांत कराया। आरोपी शिक्षक पिछले तीन दिनों से अवकाश पर बताया जा रहा है। सेक्टर सात थाना प्रभारी भरत सिंह भी मौके पर पहुंचे, लेकिन शिकायत दर्ज करने के लिए महिला पुलिस का इंतजार किया गया। छात्राएं करीब तीन घंटे तक भूखी प्यासी थाने में बैठी रहीं।
स्कूल प्रशासन और पुलिस पर लीपापोती का आरोप
अध्यापक की करतूत से नाराज परिजन गोपाल, कैलाश, हरीश शर्मा, मनोज, प्रकाश पाठक, प्रवीन भारद्वाज, राजीव सैनी ने स्कूल और महिला थाना पुलिस पर मामले को लेकर लीपापोती का आरोप लगाया। परिजनों का कहना था कि जब तीन दिन पहले पुलिस और स्कूल प्रशासन को लिखित शिकायत दी थी, उस समय कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
पीड़ित बच्चियों की शिकायत पर आरोपी इंद्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।-सुशीला देवी, एसएचओ, महिला थाना