{"_id":"6aabcec8ce477918490afed9","slug":"team-facing-misconduct-upon-arrival-to-investigate-gas-cylinder-refilling-occupants-forced-the-team-out-of-the-house-shahdol-news-c-1-1-noi1220-4733914-2026-09-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"शहडोल: गैस सिलिंडर रीफिलिंग की सूचना पर पहुंची टीम से बदसलूकी, घर में मौजूद लोगों ने टीम को किया बाहर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शहडोल: गैस सिलिंडर रीफिलिंग की सूचना पर पहुंची टीम से बदसलूकी, घर में मौजूद लोगों ने टीम को किया बाहर
Thu, 17 Sep 2026 07:10 PM IST
शहडोल ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शहडोल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शहडोल
Published by: शहडोल ब्यूरो
Updated Thu, 17 Sep 2026 07:10 PM IST
सार
शहडोल के सोहागपुर थाना क्षेत्र के गढ़ी में गैस सिलिंडर रीफिलिंग की सूचना पर जांच करने पहुंची जिला आपूर्ति विभाग की टीम से कथित बदसलूकी का मामला सामने आया। टीम को घर में 13 से अधिक सिलिंडर और रीफिलिंग नोजल मिला। विभाग ने एफआईआर के लिए पुलिस को शिकायत देने की बात कही है।
विज्ञापन
मौके पर मौजूद पुलिस।
विस्तार
शहडोल जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र के गढ़ी में एक घर में कथित तौर पर गैस सिलिंडर की रीफिलिंग किए जाने की सूचना पर पहुंची जिला आपूर्ति एवं नियंत्रक विभाग की टीम के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, टीम जब जांच के लिए मौके पर पहुंची तो घर में 13 से अधिक सिलिंडर और रीफिलिंग में इस्तेमाल होने वाला नोजल मिला। इसी दौरान घर में मौजूद लोगों ने टीम के साथ धक्का-मुक्की करते हुए उन्हें बाहर करने का प्रयास किया।
विज्ञापन
विभागीय इंस्पेक्टर प्रदीप द्विवेदी के अनुसार, उन्हें गढ़ी निवासी रामजी गुप्ता के घर में गैस सिलिंडरों की रीफिलिंग किए जाने की जानकारी मिली थी। सूचना के बाद वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घर की जांच शुरू की तो वहां बड़ी संख्या में सिलिंडर और रीफिलिंग करने का उपकरण नजर आया। इसी दौरान रामजी गुप्ता के कई भाई, उनकी पत्नियों समेत अन्य लोगों ने टीम के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- फैसला: हर शौचालय पर 500 रुपये रिश्वत लेने वाली ब्लॉक कोऑर्डिनेटर को तीन साल की सजा, 2020 में पकड़ाई थी नीलम
विज्ञापन
विवाद बढ़ने पर विभागीय अधिकारियों ने सोहागपुर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद विभागीय टीम ने पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई आगे बढ़ाई। हालांकि, प्रदीप द्विवेदी का कहना है कि जब तक पुलिस के साथ टीम दोबारा उस कमरे के अंदर पहुंची, तब तक वहां रखे सिलिंडर हटा दिए गए थे। उनके अनुसार, विभाग की टीम के बाहर निकलने के दौरान ही सिलिंडर वहां से हटाए गए।
इंस्पेक्टर प्रदीप द्विवेदी ने बताया कि मामले में टीम के साथ हुई बदसलूकी और कार्रवाई में बाधा डालने को लेकर एफआईआर के लिए सोहागपुर थाने में शिकायत दी जाएगी। वहीं सोहागपुर टीआई आरपी रावत ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। अभी विभाग के अधिकारियों की ओर से शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
