नोएडा के समरविल स्कूल में पढ़ने वाली भाई-बहन की जोड़ी ने कमाल कर दिखाया। 10वीं में भाई और 12वीं में बहन के एक समान अंक आए हैं। पिता की मौत के बाद से दोनों बच्चे सेक्टर-22 में मामा-मामी के पास रहते हैं। इनकी उपलब्धि से पूरा परिवार खुश है।
CBSE Result 2020: भाई बहन की जोड़ी ने दिखाया कमाल, 10वीं और 12वीं में हासिल किए एक समान अंक
दिव्यम ने 10वीं में 97.20 प्रतिशत अंक आए हैं। इसमें इंग्लिश में 96, संस्कृत में 99, गणित में 93, विज्ञान में 100, सामाजिक विज्ञान में 98 अंक आए हैं। वहीं, 12वीं में बहन अनन्या के भी 97.2 प्रतिशत अंक आए थे। इसमें अंग्रेजी में 100, केमिस्ट्री में 99, बायोलॉजी में 97, मैथ्स और फिजिक्स में 95 नंबर आए हैं।
सेक्टर-150 में रहने वाली मां ललिता ने बताया कि शुरुआत में तो दोनों के एक समान अंक देखकर अचरज हुआ। भाई-बहन में बहुत प्यार है। हालांकि, इनके खाने-पीने और शौक अलग-अलग हैं। अनन्या को डांस का शौक है और वह मेडिकल की तैयारी कर रही है। वहीं, बेटा पायलट बनना चाहता है।
पार्टी नहीं, पीएम केयर्स में देंगे फंड
एमिटी स्कूल की छात्रा आद्या चोपड़ा के 10वीं में 95.2 प्रतिशत अंक आए हैं। उसका कहना है कि कोरोना के कारण वह पार्टी नहीं करेगी, बल्कि पैसों को पीएम केयर्स फंड में जमा कराएगी। नोएडा सेक्टर-37 निवासी पिता डॉ. मनदीप चोपड़ा ने बताया कि कोरोना की वजह से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। रिजल्ट की खुशी के बाद भी पार्टी नहीं कर पाएंगे। इस वजह घर में सभी की सलाह है कि पैसे को सामाजिक कार्य के लिए दान किया जाए।
सरकारी स्कूल भी नहीं रहे पीछे, शत-प्रतिशत परिणाम रहा
हाईस्कूल के परिणाम में सरकारी स्कूल भी किसी से पीछे नहीं रहे। नोएडा और ग्रेनो के सरकारी स्कूलों का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। ग्रेनो सेक्टर पी-3 स्थित केंद्रीय विद्यालय का परिणाम 100 प्रतिशत रहा। छात्र ज्योति कुमार ने 97.4 प्रतिशत अंक पाकर स्कूल में पहला स्थान प्राप्त किया है। सावित्रीबाई फुले बालिका इंटर कॉलेज और गौतमबुद्ध बालक इंटर कॉलेज का परिणाम भी शत-प्रतिशत रहा। पी-3 स्थित केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य करुणाकर उपाध्याय ने बताया कि 96 बच्चों ने परीक्षा दी थी। सभी उत्तीर्ण हुए हैं। दीपशिखा ने 96.6, गुरप्रीत ने 96.4, कुमारी तनु ने 96 व अनंत तिवारी ने 95.8 प्रतिशत अंक अर्जित किए हैं।