रेत-बजरी व्यवसायी आदेश की मर्डर मिस्ट्री उसके रिश्तेदारों में ही उलझी हुई है। मरने से पहले आदेश ने जिसका नाम लिया उसे सुनकर परिवार वालों के होश उड़ गए।
आदेश हत्याकांड: आखिरी सांसें गिन रहे व्यापारी ने कहा कुछ ऐसा कि परिवार वाले रह गए सन्न
जिस सचिन का बार-बार पुलिस जांच में नाम आ रहा है वह उसका नजदीकी रिश्तेदार है। मरने से पहले अंतिम बार भी आदेश ने सचिन का ही नाम लिया था। यही नहीं सचिन के फौजी भाई के नाम को भी आदेश परिजन पुलिस के सामने बता रहे हैं। ऐसे में पुलिस ने उसके रिश्तेदारों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, देर रात तक पुलिस को इस मामले में कोई लीड नहीं मिली थी।
दरअसल, आदेश की हत्या के बाद उसके परिजनों ने सचिन पर शक जताया है। इसी आधार पुलिस ने जांच भी शुरू की है। घरवालों के इस शक को चश्मदीद दिनेश बालियान के बयान और बल दे रहे हैं। दिनेश ही वह व्यक्ति है जो घटना के वक्त उसके पास था। दिनेश के अनुसार मरने से पहले आदेश ने सचिन का ही नाम लिया था। इसके बाद उसने ट्रैक्टर कहा और फिर उसकी आवाज बंद हो गई।
पुलिस ने जब जांच शुरू की तो घरवालों ने एक फौजी का नाम भी बताया। फौजी सचिन का भाई ही बताया जा रहा है। हालांकि, फौजी इस वक्त कर्नाटक में तैनात है। पुलिस के अनुसार फौजी का परिवार देहरादून में ही रहता है। मंगलवार शाम को उसकी पत्नी को भी बुलाकर पूछताछ की गई, मगर अभी तक कोई ठोस बात सामने नहीं आई है। पुलिस के अनुसार मुजफ्फरनगर में उसके अन्य रिश्तेदारों और जान पहचान वालों के नाम भी सामने आ रहे हैं। इन सभी से पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस मामले में दबिश के लिए छह टीमें बनाई हैं। इन टीमों में से दो टीमें मुजफ्फरनगर, दो बागपत, एक मेरठ व एक गाजियाबाद रवाना की गई है। इन जगहों पर ही उसकी सबसे ज्यादा रिश्तेदारी और जान पहचान हैं। इसके अलावा वहां इस बात की भी पड़ताल की जा रही है कि हाल ही में कौन कौन से शूटर जेलों से बाहर आए हैं।