मेरठ समेत वेस्ट यूपी में भीषण गर्मी जारी है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही और डॉ. एन सुभाष का कहना है कि पिछले 26 साल में जून माह का पहला सप्ताह इस बार सबसे अधिक गर्म रहा। आगामी 4 से 5 दिन तक गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं।
गर्मी ने किया बेहाल: मेरठ में 26 साल में सबसे गर्म रहा जून का पहला सप्ताह, अन्य जिलों में भी बुरा हाल
पश्चिमी यूपी में इस बार जून में इतनी गर्मी पड़ रही है कि दिन तो क्या रात में भी लोगों को चैन नहीं मिल रहा है। चिलचिलाती गर्मी और गर्म हवा का स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। गर्मी के कारण पेट में संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। चिकित्सक गर्मी से बचाव की सलाह दे रहे हैं।
गर्मी व लू से लोगों का बुरा हाल
बागपत में गर्मी में लोगों का बुरा हाल है। गर्मी बढ़ने से लोगों को न दिन में चैन मिल रहा है और न ही रात में आराम है। तेज धूप और लू के थपेड़ो के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। लोग घरों से निकलने से कतरा रहे है। बुधवार को जिला का अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री रहा।
चिकित्सकों का कहना है कि गर्मी बढ़ने पर हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है और समय पर सही उपचार न मिलने पर जान तक जाने का खतरा बढ़ जाता है। सीएचसी अधीक्षक डॉ विभाष राजपूत ने गर्मी से बचाव के लिए धूप में बाहर न निकलने और पेय पदार्थों का अधिक सेवन करने की सलाह दी है।
नौ तपा से बढ़ा ताप, पारा 41 डिग्री पार
बिजनौर में बढ़ती गर्मी से लोग बेहाल हैं। घरों से बाहर निकलते ही तेज धूप और लू के थपेड़ों से लोग परेशान हैं। नौ तपा तो 25 मई से तीन जून तक था, लेकिन जिले में तापमान तीन जून के बाद बढ़ना शुरू हुआ। जो लोगों को खूब तपा रहा है। जिले में अब सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान चार और पांच जून को 41.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
जून महीने में जिला खूब तप रहा है। लोग गर्मी से परेशान हैं। इस बार गर्मी अपने सख्त तेवर दिखा रही है। नौ तपा बीत जाने के बाद भी गर्मी का कहर जारी है। माना जाता है कि नौ तपा में तापमान सबसे ज्यादा रहता है, लेकिन इस बार नौ तपा बीत जाने के बाद भी जिला खूब तप रहा है। 25 मई से लेकर तीन जून तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक रहा है। इसके बाद तापमान बढ़ना शुरू हुआ है। गर्मी की वजह से लोगों का बुरा हाल है।
तेज धूप ने सड़कें कर दीं सूनी दिन में मजबूरी में ही घर से बाहर निकल रहे लोग
मुजफ्फरनगर में भीषण गर्मी के चलते आकाश से आग बरस रही है। दोपहर में बाजार में सड़कें सूनी हो रही हैं। लोग मजबूरी में ही घर से बाहर निकल रहे हैं। अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
जिले में गर्मी इस समय अपने चरम पर चल है। इस समय रात में भी गर्मी पड़ रही है। न्यूनतम तापमान ही 25 डिग्री से अधिक चल रहा है। बुधवार को यह 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान अब 41.3 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। हालात ये हैं कि दिन में आकाश से आग बरसती महसूस हो रही है। दिन में घर से बाहर निकलने वाले लोगों को धूप झुलसा रही है। दिन में सड़क और बाजार सुनसान की स्थिति में आ गए हैं। लोग बाजार से खरीदारी करने के लिए 12 बजे से पहले और शाम को पांच बजे के बाद पहुंच रहे हैं। बाजारों में शीतल पेय की मांग बढ़ गई है।
गर्मी ने उड़ाया दिन-रात का चैन, पारा 43 डिग्री सेल्सियस
सहारनपुर में गर्मी का सितम लगातार बढ़ रहा है। भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं। उन्हें न दिन में चैन मिल रहा और न ही रात में आराम। न्यूनतम तापमान बढ़ने से रात में भी गर्मी लोगों के पसीने छुड़ा रही है। बुधवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 43 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसकी वजह से बुधवार का दिन इस मौसम का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। वहीं, लू के थपेड़े झुलसा रहे हैं। बाजारों में दोपहर में रौनक गायब हो गई है।
जनपद में बीती 23 मई को बारिश हुई थी। जिससे बमुश्किल से एक दिन गर्मी से कुछ राहत मिली थी। इसके बाद से गर्मी लगातार बढ़ रही है। आलम यह है कि बाजारों में सुबह-शाम ग्राहक उमड़ रहे हैं। दोपहर में बाजारों में ग्राहकों का टोटा है। गर्मी से बचाव के लिए लोग सिर कपड़े से ढककर निकल रहे हैं। वहीं, शरीर में पानी की पूर्ति के लिए शीतल पेय पदार्थों तथा तरबूज, खरबूजे आदि का सेवन कर रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान के बढ़कर 29 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने और अधिकतम तापमान के घटकर 42 डिग्री पर आने का अनुमान है।