लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने के आदेश के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। जिसके बाद शहर में हर तरफ कर्फ्यू जैसा माहौल दिखा। घर से निकले हर शख्स को रोककर पुलिस ने पूछताछ की। वाजिब वजह न बता पाने वालों को फटकार के साथ ही पुलिस के झिड़क का भी सामना करना पड़ा। हर प्रमुख चौराहों पर फोर्स तैनात रही और आला अफसर भी लगातार गश्त करते रहे। शहर के हालात का जायजा लेने निकली अमर उजाला टीम को मंगलवार को कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला।
सख्त हुई पुलिस, प्रयागराज में हर तरफ दिखा कर्फ्यू जैसा माहौल
घर से निकले हर शख्स से पूछताछ, वाजिब कारण न बता पाने पर फटकार
लोकनाथ चौराहे पर कोठापार्चा व घंटाघर की ओर से आने वाले रास्ते बंद किए गए थे। सड़क पर ही फोर्स मौजूद थी। शहर के सबसे व्यस्त इस इलाके में इक्का-दुक्का लोग भी बड़ी मुश्किल से दिख रहे थे। उन्हें भी समझाकर पुलिसकर्मी घरों की ओर भेज दे रहे थे। नतीजा यह रहा कि यहां दूर-दूर तक सन्नाटा पसरा दिखाई पड़ता रहा।
हर प्रमुख चौराहों पर तैनात रही फोर्स, अफसर भी करते रहे गश्त
1.28 मिनट, कोतवाली
एसपी सिटी कार्यालय के ठीक बगल कोतवाली गेट पर पुलिसकर्मी मुस्तैद मिले। यहां महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई थी। अचानक रानीमंडी की ओर जाने वाले रास्ते से सफेद रंग की अपाचे सवार दो युवकों को आता देख पुलिसकर्मी सतर्क हो उठे और उन्हें रोक लिया। पूछने पर उनका कहना था कि वह दवा लेने जा रहे हैं। लेकिन दवा का पर्चा नहीं दिखा सके। जिसके बाद पुलिसकर्मियों की सख्ती के चलते उन्हें उल्टे पांव लौटना पड़ा।
पुलिस के साथ ही यहां ट्रैफिक पुलिस के जवान भी रहे तैनात, होती रही सघन जांच और पूछताछ
शाहगंज पुलिस के साथ ही यहां ट्रैफिक पुलिस के जवान भी तैनात मिले। पुलिस ने शाहगंज थाने से नखास और कोतवाली की ओर जाने वाले रास्ते को बैरियर लगाकर बंद किया था। यहां अन्य के साथ ही किराना की दुकानें भी बंद मिलीं। पूछने पर पुलिसकर्मियों ने बताया कि सुबह कुछ समय के लिए किराना दुकानदारों ने दुकान खोली लेकिन फिर इन्हें बंद कर दिया गया। उधर यहां से स्टेशन जाने वाले रास्ते पर भी सन्नाटा पसरा रहा। जगह-जगह पुलिसककर्मी तैनात रहे।
पुलिसकर्मियों ने बताया कि इमरजेंसी होने पर ही किसी को जाने की है अनुमति
ट्रैफिक पुलिस के साथ ही यहां पीआरवी के भी पुलिसकर्मी मौजूद थे। नेहरू पार्क व धूमनगंज में कई जगह चेक प्वाइंट बने होने के कारण यहां वाहनों की आवाजाही न के बराबर थी। हाईकोर्ट, चौफटका व नवाब यूसुफ रोड की ओर जाने वाले रास्ते भी बंद किए गए थे। बैरियर के बीच सिर्फ दोपहिया जाने की जगह छोड़ी गई थी। पुलिसकर्मियों ने बताया कि इमरजेंसी होने पर ही किसी को जाने की अनुमति है।