बसपा के शासन काल में इस मंत्री ने कमाई थी अकूत संपत्ति, फिर सपा से लड़ा चुनाव
बसपा शासनकाल में तोहफे के रूप में इन्हें खेलकूद मंत्रालय की कमान मिली थी। बसपा से टिकट कटने पर इस बार वह सपा से चुनाव लड़े थे। इस चुनाव में शिकस्त मिली। उनके खिलाफ लोकायुक्त में शिकायत हुई थी। जांच में दोषी पाए जाने के बाद मामला लंबित चल रहा था। हाईकोर्ट के आदेश के बाद योगी सरकार हरकत में आई। इलाहाबाद विजलेंस टीम के निरीक्षक रामनिहोरे की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पाया गया है कि मंत्री शासनकाल में अयोध्या पाल के पास करीब दो करोड़ 98 लाख 200 रुपये की संपत्ति होनी चाहिए जिसके सापेक्ष जांच में आठ करोड़ 86 लाख 77 हजार की संपत्ति मिली। आय से अधिक संपत्ति बनाने के इस मामले में उनके खिलाफ रिपोर्ट की गई। दूसरी एफआईआर में अयोध्या के साथ उनकी पत्नी देवकली शामिल हैं। देवकली के नाम पर भी प्रापर्टी खरीदी गई है।
उस प्रापर्टी में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, भ्रष्टाचार के आरोप की रिपोर्ट है। कार्यवाहक कोतवाल इजहार अहमद ने बताया कि विजलेंस टीम की ओर रिपोर्ट हुई है। उच्चाधिकारियों के निर्देशन पर आगे कार्रवाई होगी। सत्ता के वक्त पूर्व मंत्री के कई करीबी रहे हैं। उनमें एक करीबी का नाम तेजी से चर्चा में आया है। उनके नाम पर करोड़ों की बेनामी संपत्ति होने की खबर वायरल हुई है।