जल सप्लाई विभाग की टंकी का दूषित पानी पीने से 2 लोगों की मौत हो गई हैं। गांव की सप्लाई काट दी गई है।
मामला पंजाब के लुधियाना का है, जहां गांव सहौली में जल सप्लाई विभाग की टंकी का दूषित पानी पीने से 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला गुरदियाल कौर और 52 वर्षीय अमर सिंह की हो गई। इसके अलावा गांव के 95 लोग गंदे पानी के कारण गैस्ट्रो की चपेट में आ गए है। पिछले लंबे समय से गांव वासी इसकी शिकायत कर रहे थे।
दो लोगों की मौत होने के बाद सेहत विभाग की टीमें अब गांव के हर घर में जाकर दवाएं, ओआरएस घोल, पानी में डालने वाली गोलियां बांट रही है। इसके अलावा जल सप्लाई विभाग के उच्चाधिकारी गांव में डेरा डाले हुए। पानी की टंकी से सप्लाई काट दी गई है और गांव के लोगों को 6 टैंकरों से पीने का पानी सप्लाई किया जा रहा है।
सिविल डिस्पेंसरी सहौली के डॉ. विकास भगत घर-घर जाकर गांव के बीमार लोगों को सिविल अस्पताल सुधार में दाखिल होने के लिए कह रहे हैं। वहीं गांव वासी घरों में ही झोला छाप डाक्टरों से इलाज करवा रहे है। डॉ. विकास भगत ने अपनी टीम के साथ घर घर जाकर बीमार पड़े लोगों का हाल जाना और जांच की।
उन्होंने कहा कि कुल 95 लोगों में गैस्ट्रो के लक्षण पाए गए है। उनका इलाज चल रहा है। जसविंदर कौर का इलाज लुधियाना के गुरुतेग बहादुर अस्पताल में चल रहा है। 35 वर्षीय चरणजीत कौर व उनके 17 वर्षीय बेटे हरसिमरनजीत सिंह को सिविल अस्पताल सुधार में दाखिल कराया गया है।