'शूटआउट' एट डबवाली, जहां तीन गैंगस्टरों की मौत से खौफ का अंत हो गया है। देखिए इन गैंगस्टरों की रियल स्टोरी
मुढभेड़ के बाद मृत मिले पंजाब के फरीदकोट और फिरोजपुर जिलों से संबंधित तीनों गैंगस्टरों की फरीदकोट पुलिस काफी दिनों से कर रही थी। पुलिस ने पुख्ता सूचना मिलने पर मंगलवार को सुबह कार्रवाई को अंजाम दिया। इनके शवों के पास से पुलिस को भारी मात्रा में असलाह मिला है। बदमाश जिस गाड़ी से आए थे, उसमें कई नंबर प्लेट मिली हैं।
बठिंडा रेंज के आईजी एमएस छिन्ना ने बताया कि मकान मालिक सुखपाल सिंह की भूमिका भी शक के घेरे में है, जो कि गैंगस्टरों के साथ चौथी चारपाई पर सोया हुआ था। उन्होंने कहा कि गैंगस्टरों और सुखपाल सिंह से दो मोबाइल बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार मकान मालिक सुखपाल सिंह से गैंगस्टरों की तरफ से खुदकुशी संबंधित मौकों के हालातों और उसके गैंगस्टरों के साथ संबंधों का पता लगाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह भी जांच की जाएगी कि गैंगस्टर इस मकान में कब से और कैसे ठहरते थे। उन्होंने कहा कि पुलिस ने तीन राउंड फायर किए। गैंगस्टरों ने 10-12 राउंड फायर किए। मृतक तीनों गैंगस्टरों के खिलाफ पंजाब तथा हरियाणा में कत्ल, डकैती, लूट व अगवा करने के दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। 11 जनवरी को गांव चौटाला में हुए दोहरे हत्याकांड में वे शामिल थे।
आईजी के अनुसार गैंग प्रमुख जसप्रीत सिंह जिम्मी उर्फ जंपी डॉन तथा कंवलजीत सिंह उर्फ बंटी ढिल्लों के खिलाफ पंजाब में हत्या, डकैती, लूट व किडनैपिंग के 14 और हरियाणा में दो मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा इनके तीसरे साथी निशान सिंह पर पंजाब में चार और हरियाणा में एक मुकदमा दर्ज हैं। इससे पहले यह देवेंद्र बंबीहा ग्रुप के साथ जुड़े हुए थे, उसकी मौत के बाद अब जसप्रीत सिंह जिम्मी उर्फ जंपी डॉन ने अपने नाम पर गैंग बना लिया था।