रोहित शर्मा ने धर्मशाला वाला अपना बदला श्रीलंकाई टीम से आख़िरकार ले ही लिया। इसके साथ ही रोहित और उनकी पत्नी रीतिका के लिए आज का दिन बेहद ख़ास और ताउम्र याद रहने वाला बन चुका है।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के तूफान में श्रीलंकाई टीम पूरी तरह से साफ हो गई। मोहाली में खेले जा रहे दूसरे वनडे में रोहित ने नाबाद 208 रनों की पारी खेली। रोहित ने अपनी पारी में कुल 13 चौके और 12 छक्के जड़े। रोहित की ही पारी के बदौलत टीम इंडिया ने 382 रन बनाए। इस लाजवाब पारी को देखने के लिए उनकी पत्नी रितिका भी मैदान में मौजूद थीं और रोहित ने दोहरा शतक जड़कर अपनी टीम व हमसफर को इस खास दिन पर खास तोहफा दे डाला।
दरअसल, रोहित और रीतिका ने आज के दिन ही शादी की थी। आज अपने शादी की सालगिरह पर रोहित ने अपनी पत्नी रीतिका को अपने दोहरे शतक का तोहफ़ा दिया है।
दोहरा शतक जड़ने के बाद रोहित ने अपनी अंगूठी वाली अंगुली यानी 'इंडेक्स फिंगर' को किस करके रितिका की तरफ इशारा किया जो साफ संदेश था कि उन्होंने शादी की दूसरी सालगिरह को खास बना दिया है।
स्टैंड्स में बैठी रितिका भी इस दौरान अपने आंसू नहीं रोक पाईं। इधर लोग रितिका को बधाई देने में जुटे थे लेकिन रितिका की आंखें रोहित से हट नहीं रही थीं। रोहित और रितिका ने 13 दिसंबर 2015 को शादी की थी। दोनों एक दूसरे को बचपन से जानते थे। बताया जाता है कि रितिका ही रोहित की स्पोर्ट्स मैनेजर हैं।