राम रहीम के डेरे में शुक्रवार को सर्च ऑपरेशन चलाया गया तो वहां से डेरे की करंसी मिली। देखिए कैसी है ये प्लास्टिक करंसी?
कोर्ट कमिश्नर की निगरानी में शुक्रवार को 10 घंटे तक चले सर्च आपरेशन में डेरा सच्चा सौदा के कई राज सामने आए हैं। सुबह 8.30 बजे शुरू हुए तलाश अभियान में डेरा मुखी गुरमीत राम रहीम की गुफा परिसर से दर्जनों हिरण, राष्ट्रीय पक्षी मोर और बाघ के दो शावक मिले हैं।
एक कमरे से दो नाबालिग और दो युवक मिले। एक कमरे से वॉकी-टॉकी सेट मिला है। एक कमरे से 12 हजार रुपये की नई करेंसी और सात हजार के पुराने नोट मिले हैं। बिना नंबर की एक ओबी वैन और बिना नंबर की लग्जरी गाड़ी मिली है।
मीडिया विंग के कमरों से कंप्यूटर, हार्ड डिस्क, डेरे की प्लास्टिक टोकन करेंसी मिली है। कुछ संदिग्ध चीजें मिलने के कारण दो कमरों को सील किया गया है। शाम 6.30 बजे सर्च आपरेशन को बंद कर दिया गया। अब शनिवार सुबह फिर से तलाशी अभियान शुरू किया जाएगा।
डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय में सर्च ऑपरेशन के लिए तड़के साढ़े पांच बजे से सुरक्षा बल, कमांडो और हरियाणा पुलिस के 5000 जवान डेरे के सामने मुस्तैदी से खडे़ हो गए थे। सुरक्षा बलों की निगरानी में पांच जेसीबी मशीनें और ताला खोलने के लिए बुलाए गए 22 लुहारों को डेरा पहुंचाया गया।