देश भर के वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर। इस तारीख के बाद हर रविवार को पेट्रोल और डीजल नहीं मिलेगा तो पहले से ही तैयारी करके रखनी होगी।
दरअसल, 9 मई के बाद पेट्रोल पंप हर रविवार बंद रहा करेंगे। कंसोरटियम ऑफ इंडियन पेट्रोलियम डीलर्स (सीआईपीडी) सीधे तौर पर देश की तीनों आयल कंपनियों से टकराव की मुद्रा में आ चुकी है और 9 मई तक अपूर्व चंद्रा कमेटी की सिफारिशें लागू ना करने पर प्रत्येक डीलर रविवार को पेट्रोल पंप बंद रखेगा। पेट्रोल पंपों पर 24 घंटे सर्विस की जगह सिर्फ सुबह 9 से शाम पांच बजे तक ही पेट्रोल-डीजल की सप्लाई मिलेगी।
एसोसिएशन ने भारत, हिंदुस्तान व इंडियन आयल कार्पोरेशन सहित तीनों कंपनियों को मांगें मानने के लिए 9 मई तक का समय दिया है। इसके बाद देश के 55 हजार पेट्रोल-डीजल डीलर हर रविवार को फीलिंग स्टेशनों पर अवकाश रखेंगे और इसके के साथ सरकारी दफ्तरों की तर्ज पर पेट्रोल पंपों पर डीजल-पेट्रोल की सेवा सुबह 9 से शाम पांच बजे तक ही मिलेगी।
रविवार को सीआईपीडी के पदाधिकारियों से विचार विमर्श के बाद यह फैसला लिया गया। बैठक के बाद एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यनारायण ने पत्रकारों को उपरोक्त जानकारी दी। सीआईपीडी अध्यक्ष सत्यनारायण के मुताबिक वर्ष 2011 में पेट्रोलियम मंत्रालय द्वारा गठित की गई अपूर्व चंद्रा कमेटी ने कई सिफारिशें की थी।
सत्यनारायण ने बताया कि इन डीलरों के हित में की गई सिफारिशों को आज तक नहीं माना गया। इनमें प्रमुख सिफारिश डीलरों को मार्जन मनी देने की है। उन्होंने बताया कि डीजल पर एक रुपया 40 पैसे और पेट्रोल पर 2 रुपये 20 पैसे मार्जन मनी वर्ष 2011 से बनती है, लेकिन अभी तक यह मार्जन नहीं मिला।