घर में ही बम बनाने वाले बीटेक पास इंजीनियर रजतवीर के इरादों को लेकर सनसनीखेज खुलासा हुआ है, अगर वह कामयाब हो जाता तो तबाही मचती।
पटियाला स्थित घर में बम बनाने का आरोपी रजतवीर सिंह एक बड़ा बम बनाने की तैयारी में था। छोटे बम तो वह केवल बमों की क्षमता चेक करने के लिए बना रहा था। यह खुलासा रविवार को पुलिस जांच में हुआ है।
पता चला है कि रजतवीर सिंह पटाखों से बारूद लेकर बम बनाता था। वह अपने पिता के नाम लिए तीन और खुद के नाम पर ली गई दो लाइसेंसी रिवाल्वर और बंदूकों से भी बारूद लेता था और इसे भी बम बनाने में इस्तेमाल करता था।
जानकारी के मुताबिक, रजतवीर सिंह सनकी स्वभाव का था और कहीं आता-जाता नहीं था। न कोई उसका दोस्त था। बस चौबीस घंटे अपने कमरे में बंद रहता था। आजकल के नौजवानों की तरह वह घूमना फिरना पसंद नहीं करता था।
एसएसपी डॉ. एस भूपति ने बताया कि रजतवीर ने अपने फेसबुक प्रोफाइल पर जरनैल सिंह भिंडरावाला और अजहर मसूद की फोटो डालकर उसे लाइक किया था। वहीं अपने घर में भी भिंडरावाला और निर्मल बाबा की फोटो लगा रखी थी।