अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा तो वे कहीं से भी चुनाव लड़ने को तैयार हो जाएंगे। किरण खेर के नामांकन के बाद उन्होंने अमर उजाला से खास बातचीत की, पढ़ें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अनुपम का लगाव किसी से छुपा नहीं है। पत्नी किरण खेर के नामांकन के मौके पर अनुपम खेर ने कहा कि उनका बीजेपी या फिर संघ से कोई रिश्ता नहीं है, लेकिन पीएम मोदी के प्रति वह ईमानदार हैं। चुनाव लड़ने के एक सवाल के जवाब में उन्होंने साफ तौर पर कहा कि वह राजनीतिक व्यक्ति नहीं हैं, लेकिन अगर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा तो वे कहीं से भी चुनाव लड़ने को तैयार हो जाएंगे।
सवाल: नरेंद्र मोदी, बीजेपी और संघ में से किसे पसंद करते हैं?
जवाब: मैं राजनीतिक व्यक्ति नहीं हूं। प्रधानमंत्री मोदी को मैं व्यक्तिगत रूप से बहुत मानता हूं। संघ और बीजेपी से मेरा कोई खास लेना-देना नहीं है।
सवाल: आपकी विचारधारा संघ से मिलती-जुलती है?
जवाब: जो भी व्यक्ति देश के प्रति अच्छी सोच रखता है। जो देशभक्त है, उसकी विचारधारा अगर संघ जैसी है तो मैं भी वैसा ही हूं।
सवाल: कश्मीरी पंडितों के लिए आपने आवाज उठाई, कहां तक सफल रहे?
जवाब: अभी तक तो संतुष्ट हूं। कश्मीर में जो अलगाववादियों पर कार्रवाई हुई है, वह ठीक है, क्योंकि घर में जो लोग विवाद करते हैं, उन्हें धक्के मारकर निकालना चाहिए।