नोटबंदी को एक महीने से ज्यादा समय हो चुका है। अब इसके फायदे और नुकसान की बातें हो रही है। इसमें कालेधन का खुलासा भी बड़ा सवाल है। आयकर विभाग ने इसका खुलासा किया है।
पीएम नरेंद्र मोदी के नोटबंदी के फैसले के बाद सक्रिय हुए आयकर विभाग के इनवेस्टिगेशन विंग ने पिछले दिनों में पंजाब में करीब पचास करोड़ रुपये का काला धन पकड़ा है। इसमें निक्कामल ज्वैलर द्वारा सेरेंडर किए 26 करोड़ रुपये भी शामिल हैं।
विंग की ओर से वीरवार को नाहर ग्रुप की कुछ इकाईयों पर शुरू किए गए सर्वे शुक्रवार को भी जारी रहे। इस कार्रवाई में भी विंग को बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा भी विभाग को कई सूत्रों से जानकारी आ रही है और विभाग पूरी तरह से होमवर्क करके अपने कदम बढ़ा रहा है।
काबिलेजिक्र है कि पीएम मोदी ने जैसे ही नोटबंदी का ऐलान किया। कारोबारियों ने धन को ठिकाने लगाने के लिए तिकड़म शुरू कर दी। देर रात तक ज्वैलर्स की दुकानों पर धंधा हुआ। विंग की जांच में साफ हुआ कि अधिकतर ज्वैलर्स ने अपने सीसीटीवी बंद करके इस काम को अंजाम दिया।
उद्यमियों ने अपनी लेबर के खातों में भी काफी रकम जमा कराई। इन बिंदुओं पर विंग ने कई औद्योगिक इकाईयों में इनवेस्टिगेशन करके करोड़ों रुपये की अघोषित संपत्ति का पता लगाया। निक्का मल से सर्वे के दौरान जब्त की गई सीसीटीवी फु टेज को जांच के लिए फारांसिक लैब में भेजा गया है।