यात्रियों को अब कोविड टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट देखकर ही टिकट दी जाएगी। ट्रेनों के जरिये पंजाब आने वाले यात्रियों का रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य विभाग की टीम कोविड टेस्ट करवाएगी। वहीं अमृतसर से दो जोड़ी, जम्मूतवी से तीन जोड़ी, माता वैष्णो देवी कटरा से छह जोड़ी और फिरोजपुर से एक जोड़ी ट्रेन को रद्द किया गया है। यह जानकारी रेल डिवीजन फिरोजपुर के रेल मंडल प्रबंधक राजेश अग्रवाल ने दी है।
डीआरएम ने बताया कि अमृतसर से चलकर नई दिल्ली जाने वाली दो जोड़ी शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया गया है। जम्मूतवी से चलकर दिल्ली सराय रोहिल्ला, ऋषिकेश और श्री हजूर साहिब (नांदेड) जाने वाली तीन जोड़ी ट्रेनों को रद्द किया गया है। माता वैष्णो देवी कटरा से छह जोड़ी ट्रेनों को रद्द किया गया है, जिनमें तीन नई दिल्ली और अन्य तीन ऋषिकेश, अहमदाबाद और आंबेडकर नगर जाती थीं।
फिरोजपुर कैंट से मोहाली जाने वाली ट्रेन को भी रद्द किया गया है। अगले आदेश तक ये ट्रेनें रद्द रहेंगी। जैसे ही स्थिति में सुधार आएगा, इनको तुरंत बहाल कर दिया जाएगा। वहीं पठानकोट से मिली जानकारी के अनुसार फिरोजपुर रेल डिवीजन ने विभिन्न राज्यों से कटरा और जम्मूतवी जाने वाली ‘वंदे भारत’ समेत कई ट्रेनों (अप-डाउन) को 9 मई से अगले आदेश तक रद्द कर दिया है। डिवीजन से आदेश मिलने के बाद इन ट्रेनों की रिजर्वेशन भी बंद कर दी है।
4 of 5
फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
इन ट्रेनों को किया गया रद्द
जानकारी के अनुसार कटरा से आंबेडकर नगर जाने वाली मालवा सुपरफास्ट (02920) को 10 मई से रद्द किया गया है। इसके अलावा, श्री नांदेड साहिब से जम्मूतवी-नांदेड साहिब एक्सप्रेस (02751) को 9 मई से रद्द रखा जाएगा। जम्मूतवी से नांदेड साहिब (02752) को 10 मई से बंद रखा जाएगा। ऋषिकेश-जम्मूतवी के बीच चलने वाली (04605) ट्रेन को 9 मई, जबकि जम्मूतवी से ऋषिकेश जाने वाली (04606) को 10 मई से रद्द किया है। इसके अलावा कटरा-दिल्ली-कटरा के बीच चलने वाली श्री शक्ति एसी स्पेशल (02462-02461) को 10 मई से आगामी आदेश तक रद्द किया गया है।
5 of 5
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
इसके अलावा कटरा-ऋषिकेश-कटरा (04409 और 04410) हेमकुंट एक्सप्रेस 9 मई से रद्द रहेगी। नई दिल्ली-कटरा-नई दिल्ली (022439 और 022440) वंदे भारत एक्सप्रेस 9 मई से रद्द रहेगी। अहमदाबाद-जम्मूतवी-अहमदाबाद के बीच चलने वाली ट्रेन (09415-09517) 9 मई से स्थगित की गई है। आंबेडकर नगर-कटरा के बीच चलने वाली ट्रेन (02919) मालवा सुपरफास्ट 9 मई से रद्द की गई है। दिल्ली-जम्मूतवी-दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस (02265 और 0266) 9 मई से स्थगित की है। नई दिल्ली-कटरा-नई दिल्ली (02445 और 02246) उत्तर संपर्क क्रांति को भी 9 मई से अगले आदेश तक रद्द है।