डंपर के कहर की ऐसी तस्वीरें, जो पत्थर से पत्थर दिल को भी झकझोर दे रही है। हादसे के भयानक मंजर की ये तस्वीरें शायद आपके जहन से भी न मिट पाएं।
हरियाणा के चरखी दादरी में इमलोटा अड्डे पर बुधवार को डंपर का कहर देखकर वहां मौजूद हर किसी का रूह कांप उठीं। जिसने भी यह भयानक मंजर देखा उसके जहन में हादसे की तस्वीर उतर गई। दिल दहला देने वाला हादसा देखने वाले हर किसी की आंख में पानी था तो दिल में शोक संलिप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं।
अमर उजाला से बातचीत में प्रत्यक्षदर्शियों ने पहले बाइक को टक्कर मारने से लेकर युवकों को घसीटते हुए बूस्टिंग स्टेशन की दीवार तोड़ने तक माजरा साझा किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डंपर ने पहले सेज पहाड़ीपुर निवासी रंग-रोगन का कार्य करने वाले जग्गू की बाइक को टक्कर मारी और इसके बाद युवकों को बाइक सहित घसीटता हुए बूस्टिंग स्टेशन की दीवार में जा घुसा। जब तक वो घायल युवकों को संभालते इससे पहले ही तीनों दम तोड़ चुके थे।
प्रत्यक्षदर्शी रितेश ने बताया कि सुबह करीब करीब सवा नौ बजे वह किसी काम से अड्डे की तरफ आया था। वह अपने किसी परिचित के साथ खड़ा था कि इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने पहले एक बाइक को तो फिर मनीष व टिंकू की बाइक को टक्कर मार दी। वह तुरंत दौड़कर बूस्टिंग स्टेशन के पास पहुंचा लेकिन तब तक मनीष, टिंकू व मोनू दम तोड़ चुके थे।
प्रत्यक्षदर्शी प्रदीप ने बताया कि डंपर चालक नशे या नींद में था। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर एक-दो थप्पड़ मुक्के ही मारे थे कि वो हाथ छुड़वाकर वहां से फरार हो गया। ग्रामीणों ने डंपर के कैबिन की जांच की तो उसमें से शराब की बोतल भी बरामद हुई। मनीष, टिंकू व मोनू तो सड़क से कई फीट पीछे खड़े थे लेकिन डंपर चालक की लापरवाही से वो मौत का शिकार हो गए।