अगर आप हरियाणा का सफर करने वाले हैं तो ये आपके लिए एक जरूरी खबर है। पढ़ लीजिए 50 हजार के चालान से बच जाएंगे...
दरअसल, दूसरे प्रदेशों से हरियाणा में एंट्री करने वाले वाहनों से अब आरटीए ही टैक्स वसूलेगा। बिना टैक्स चुकाने वाहन से 50 हजार का जुर्माना वसूला जाएगा। सभी टैक्स ऑनलाइन भरे जाएंगे।
दूसरे प्रदेशों से आने वाले वाहनों को हरियाणा की सीमा में घुसने पर ऑनलाइन टैक्स चुकाना होगा। हिसार में बालसमंद की ओर से राजस्थान से भारी वाहन प्रवेश करते हैं। रोड ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी की ओर से बालसमंद बॉर्डर पर क्लेक्शन सेंटर बनाया गया है।
यहां कंप्यूटर लगाकर वाहनों का टैक्स ऑनलाइन जमा करना शुरू कर दिया गया है। नए नियमों के अनुसार यहां टैक्स वसूलने का काम शुरू हो गया है। पहले सेल टैक्स और आरटीए अलग अलग टैक्स लेते थे।
अब यह पूरा टैक्स आरटीए ही लेगा। पूरा टैक्स ऑनलाइन जमा किया जाएगा। अगर वाहन चालक चाहें तो डेली का टैक्स भी चुका सकेंगे। इसके अलावा साप्ताहिक, मासिक, तीन माह का टैक्स भी एक साथ चुकाया जा सकेगा। दूसरे प्रदेशों से आने वाले वाहन चालकों को इस बारे में जानकारी नहीं होने के कारण दिक्कत आ रही हैं।