5 मिनट पहले वह आता है, फ्लैट के बेसमेंट में अंजली से कुछ कहता है और जब भागने लगती है तो पीछे से ही सिर में गोली मार देता है, देखिए CCTV की तस्वीरें
हरियाणा के यमुनानगर की अंजलि की नोएडा की पॉश सोसायटी में गोली मार हत्या कर दी गई। उसका शव सोसायटी केभूतल पर स्टील्ट पार्किंग में सीढ़ियों के पास पड़ा मिला। युवती को गोली मारने की वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। हालांकि रिकॉर्डिंग स्पष्ट न होने की वजह से हमलावर का चेहरा नहीं दिख रहा।
हत्या की ये सनसनीखेज वारदात नोएडा सेक्टर-62 की पॉश सोसायटी शताब्दी रेल विहार में हुई है। सोसायटी की तीसरी मंजिल पर फ्लैट नंबर बी-303 केगर्ल्स पीजी में यमुना नगर हरियाणा निवासी अंजली राठौर उर्फ अन्नु (22 वर्ष) रहती थी। इस पीजी में उसके साथ छह और लड़कियां रहती हैं। अंजली ने पिछले वर्ष जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय (एलपीयू) से बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी। जून-2016 में कैंपस प्लेसमेंट के जरिए उसकी नौकरी नोएडा के सेक्टर-64 स्थित लावा कंपनी में लगी।
इसी पीजी में रहने वाली ज्योति ने बताया कि वह सुबह सात बजे बैंक की कोचिंग के लिए जा रही थी। उस वक्त बाकी लड़कियां सो रहीं थीं। नीचे उतरी तो देखा सीढ़ियों के पास लोगों की भीड़ लगी थी। अंजली भीड़ के बीच में पाकिंग के पिलर के सहारे गिरी पड़ी थी। अंजली कब नीचे गई, उसे भी नहीं पता था। अंधेरा होने की वजह से उसे वहां खून नहीं दिखा। वह भागकर पीजी में वापस आई और अंजली के साथ कमरे में रहने वाली उसकी सहकर्मी दामिनी व अन्य लड़कियों को उठाया।
सभी भागते हुए नीचे पहुंचे। उन्हें लगा कि अंजली सीढ़ियों से गिरकर बेहोश हो गई है। उन्होंने जब अंजली को उठाने का प्रयास किया तो देखा उसके सिर से खून बह रहा है। वह लोग तुरंत अंजली को एक पड़ोसी की मदद से उसकी कार में लेकर बगल में फोर्टिस अस्पताल पहुंचे।