ट्रक से टक्कर के बाद जाइलो कार का कचूमर निकल गया। हादसे के बाद शव कार में ही फंस गए थे, देखिए
कपूरथला के नंगल लुबाना गांव से धार्मिक स्थान का दर्शन करने जा रहे जाइलो सवार चार लोगों की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई जबकि सात लोग घायल हो गए। हादसा इतना खतरनाक था कि ड्राइवर और एक व्यक्ति को क्रेन की सहायता से एसयूवी से काटकर निकाला गया। मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक रविवार दोपहर करीब 12.30 बजे नंगल लुबाना (कपूरथला) निवासी 11 लोग जाइलो पर सवार होकर लोहियां से मलसीयां की तरफ जा रहे थे। उनको किसी धार्मिक स्थान पर दर्शन के लिए जाना था। इस दौरान गांव रूपेवाल के पास सामने से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक गलत ढंग से बने स्पीड ब्रेकर पर उछल कर बेकाबू हो गया और जाइलो से टकरा गया।
हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर मॉडल थाना शाहकोट के एसएचओ रूपिंदर सिंह, मलसीयां पुलिस चौक के इंचार्ज रघुवीर सिंह व एएसआई बलविंदर सिंह पुलिस टीम समेत पहुंचे। पुलिस ने कार को जीसीबी मशीन से काटकर उसमें बुरी तरह से फंसे चालक रणजीत सिंह और परमिंदर कौर को बाहर निकाला। लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
सभी घायलों को राहगीरों ने निजी अस्पताल में दाखिल करवाया, मगर वहां इलाज के दौरान दोनों बच्चों सुखदीप सिंह व जसप्रीत सिंह की मौत हो गई। अन्य घायलों गुरजिंदर कौर, गुरबचन कौर, गुरलीन कौर, करनवीर सिंह, बलजीत कौर, जुपिंंदरजीत सिंह व बलजीत कौर को शाहकोट अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जिन्हें बाद में जालंधर रेफर कर दिया गया।