रफ्तार का कहर कैसा होता है, यहां देखने को मिला। बोलेरो की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह पेड़ को तोड़ती हुई खेत में पहुंच गई। तस्वीरें
घटना पंजाब के कपूरथला की है, जहां गांव परवेज नगर के पास सुबह सवा पांच बजे तेज रफ्तार बोलेरो-एक्टिवा की टक्कर में दादा-पोती समेत तीन लोगों की मौत हो गई और बोलेरो चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
पुलिस के अनुसार श्री गोइंदवाल स्थित थर्मल प्लांट का ड्राइवर गुरविंदर सिंह निवासी गांव ढोट वैरोंवाल जिला तरनतारन बोलेरो पर सिक्योरिटी गार्ड 40 वर्षीय रनमीत सिंह निवासी गांव बिहारीपुर जिला तरनतारन के साथ शुक्रवार को लुधियाना सामान लेने गए थे।
शनिवार की सुबह सवा पांच बजे वह लुधियाना से लौटते हुए कपूरथला के गांव परवेज नगर के यू प्वाइंट के पास पहुंचे थे। दूसरी ओर से गांव उच्चा बेट निवासी 55 वर्षीय रजवंत सिंह अपनी दसवीं कक्षा की 16 वर्षीय पोती कलरीत कौर को एक्टिवा से कपूरथला में ट्यूशन पढ़ने के लिए छोड़ने जा रहे थे।
बोलेरो ने यू-प्वाइंट के पास एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। एक्टिवा को टक्कर मारने के बाद बोलेरो सड़क किनारे लगे टाहली के पेड़ को तोड़ते हुए 100 मीटर दूरी पर लगे बिजली के खंभे से टकराकर खेतों में पलट गई। हादसे में रजवंत सिंह व रनमीत सिंह की मौत हो गई।