कहानी एक महिला डेंटिस्ट की। 20 साल पहले जिनका वजन 90 किलो था। एक दिन इसी वजन को लेकर कुछ लड़कों ने कमेंट कर दिया। इसके बाद डेंटिस्ट ने अपने आपको बदलने की ठान ली। ये बदलाव ऐसा आया कि पहले और अब की तस्वीर देखकर हर कोई हैरान रह जाएगा। 49 साल की उम्र में सिक्स पैक बनाए और आज फिटनेस एक्सपर्ट हैं। ये स्टोरी है डेंटिस्ट नीलम जिंदल की । नीलम की कहानी उन महिलाओं के लिए प्रेरणादायक है जो मोटापे से जूझ रहीं हैं और हार मानकर बैठ गईं हैं। आइए पांच क्लिक में पढ़ें ये प्रेरक कहानी...
तस्वीरें: 20 साल पहले 90 किलो था वजन, 49 की उम्र में बनाए सिक्स पैक, एक कमेंट ने ऐेसे बदली जिंदगी
नीलम जिंदल को देखने के बाद कोई भी उनकी भी उम्र का अंदाजा नहीं लगा सकता। मुंबई की रहने वाली नीलम की शादी 32 साल पहले हुई और वे पंचकूला में आकर रहने लगीं। पति-पत्नी दोनों डेंटिस्ट थे। इसलिए पंचकूला सेक्टर 15 में प्रैक्टिस करने लगे। साल 1998 में नीलम ने दो बेटियों को जन्म दिया। क्लीनिक और घर की भागदौड़ में व्यस्त होने के कारण नीलम का वजन 90 किलो से पार हो गया। इतना ज्यादा कि एक मंजिल की सीढ़ी चढ़ना उनके लिए भारी हो गया। सांस फूल जाती थी। फिर भी इन लक्षणों का नीलम पर कोई फर्क नहीं पड़ा।
मस्तमौला की तरह उनकी जिंदगी चलती रही। लेकिन एक दिन जब वे अपने पति के साथ लिफ्ट में जा रही थी, तभी उनके जान-पहचान के कुछ लड़के पहुंचे और उन्हें देखकर बोला कि हैलो आंटी। बस इसी शब्द ने नीलम की जिंदगी को बदल दिया। फिर उसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने अपनी फिटनेस पर कुछ इस तरह से काम किया कि डेंटल प्रोफेशनल को पीछे छोड़ वे फिटनेस क्वीन बन गईं। इस समय वे बर्न जिम की सेंट्रल मैनेजर पद पर कार्यरत हैं।
शुरुआत चलने से की, बना डाले सिक्स पेक
नीलम ने फिटनेस पारी की शुरुआत सुबह शाम वॉकिंग से की। फिर जिम ज्वॉइन कर अपने गोल फिक्स किए। एक साल में उन्होंने अपना वजन करीब 20 किलो कम कर डाला। वे यही नहीं रुकी। एक समय में वे अपना वजन 62 किलो में ले आईं और सिक्स पैक भी बनाएं। ट्रेनिंग के दौरान ही उन्होंने एरोबिक, योगा, न्यूट्रिशन, भरतनाट्यम और कत्थक में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। 18 से ज्यादा फिटनेस के क्षेत्र की उनके पास ट्रेनिंग हैं। प्रसिद्ध कोरियोग्राफर सरोज खान उन्हें बेस्ट क्लासिकल डांसर के तौर पर सम्मानित कर चुकी हैं।
खूब तानें सुने, लेकिन लक्ष्य से नहीं हटी
नीलम के मुताबिक जब वजन ज्यादा था तो लोग ताना मारते थे, जब जिम गई, तब भी लोगों ने ताना मारा कि घर तो संभल नहीं रहा, बॉडी बनाने जा रही हो। जब जिमिंग खूब करने लगीं तो लोग कहते थे कि इसका दिमाग हिल गया है। कुछ लोग यह भी कमेंट करते हैं कि ज्यादा डोले मत बनाओ, पुरुषों की तरह लगने लगोगी। इस तरह के कमेंट नीलम को सुनने पड़े हैं। इन सबसे बेफिक्र नीलम का कहना है कि उन्हें जो अच्छा लगता है, उसे करने में न तो कोई शर्म है और न ही कोई झिझक। फिटनेस की इस यात्रा में उनके पति और बच्चों ने भरपूर सहयोग किया।