खुशखबरी: बंगलूरू का विमान 31 मार्च से भरेगा उड़ान, उद्यमियों ने कहा- पढ़ाई, रोजगार और व्यवसाय में होगा फायदा
Kanpur News: कानपुर एयरपोर्ट से बंगलूरू के लिए फ्लाइट 31 मार्च से उड़ान भरेगी। एयरपोर्ट निदेशक संजय कुमार ने बताया कि 31 मार्च से बंगलूरू से सुबह 10:40 बजे विमान उड़ान भरकर कानपुर में दोपहर 1:05 बजे पहुंचेगा।
विस्तार
कानपुर शहर से बंगलूरू जाकर पढ़ाई, रोजगार और व्यवसाय करने वालों के लिए खुशखबरी है। बंगलूरू के लिए 31 मार्च से इंडिगो का विमान फिर से उड़ान भरने लगेगा। इसकी बुकिंग भी शुरू हो गई है। कई यात्रियों ने गर्मियों की छुट्टियों को लेकर अभी से हवाई जहाज की सीट पक्की कर ली है।
जनवरी की शुरुआत में बंगलूरू की फ्लाइट बंद कर दी गई थी। केवल दिल्ली और मुंबई की फ्लाइट कानपुर एयरपोर्ट से उड़ान भर रही हैं। एयरपोर्ट निदेशक संजय कुमार ने बताया कि 31 मार्च से बंगलूरू से सुबह 10:40 बजे विमान उड़ान भरकर कानपुर में दोपहर 1:05 बजे पहुंचेगा। यहां से दोपहर 1:35 बजे उड़ान भरकर 3:45 बजे बंगलूरू पहुंचेगा।
शहर से काफी संख्या में छात्र बंगलूरू में पढ़ाई कर रहे हैं। वहां के आईटी सेक्टर में युवा नौकरी कर रहे हैं। आईआईटी, एचबीटीयू, सीएसए, सीएसजेएमयू के छात्रों को रिसर्च के लिए अक्सर बंगलूरू जाना पड़ता है। उन्हें सहूलियत हो जाएगी। -अतुल सेठ, पीआईए के प्रदेश अध्यक्ष
व्यवसाय के नजरिये से कानपुर और बंगलूरू का सफर काफी अहम है। सॉफ्टवेयर और अन्य उपकरणों के लिए अपना शहर बंगलूरू पर निर्भर है। अब फिर से विमान सेवा शुरू होने से लोगों को लखनऊ या दिल्ली नहीं भागना पड़ेगा। यहीं से विमान मिल जाएगा। -सुनील वैश्य, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आईआईए