दलित छात्रा ने सबक सिखाने के लिए रची गैंगरेप की कहानी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के आगरा में शनिवार दोपहर दसवीं की दलित छात्रा ने यह कहकर सनसनी फैला दी कि तीन युवकों ने उसके साथ चलती कार में गैंगरेप किया है। उसके साथ उसकी तीन साल की ममेरी बहन का अपहरण किया गया था। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जोकि लड़की का पड़ोसी है। लेकिन रात को कहानी एकदम बदल गई क्योंकि छात्रा ने बयान बदल दिया।
पीड़िता ने बताया कि उसके साथ रेप उसके घर में ही हुआ है। आरोपी तीन नहीं, एक है। उसने गैंगरेप की कहानी खुद ही बनाई थी। इससे पहले 15 साल की छात्रा ने बताया था कि वह सुबह 10:30 बजे अपने मामा की तीन साल की बेटी को लेने स्कूल गई थी।
रास्ते से पंजाबी बाग पार्क से तीन युवक उसे और मामा की बेटी समेत कार में अगवा कर ले गए। उन्होंने रास्ते में उसके साथ गैंगरेप किया। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे उसे पंजाबी बाग पार्क में खून से लथपथ हालत में फेंक गए। पुलिस ने इसका केस दर्ज किया। तीनों युवकों की तलाश शुरू हुई। दस बजे तक यही घटनाक्रम बताया गया।
सबक सिखाने के लिए रचा ड्रामा
पुलिस ने बताया कि पड़ोसी ने छात्रा से दुराचार किया। इससे वह आहत हो गई। उसने उसे सबक सिखाने की ठानी। इसलिए कार में गैंगरेप की कहानी बनाई, ताकि उसे कड़ी से कड़ी सजा मिले। एसपी सिटी ने रात 12:30 बजे बताया कि जैसे ही आरोपी पकड़़ा गया, कहानी बदल गई। आरोपी छात्रा का पड़ोसी है। घटनास्थल कार नहीं, किशोरी के मामा का घर है। उसने अपने मामा-मामी के सामने पुलिस को यही बयान दिया है।
बता दें, छात्रा अपने लेक्चरर मामा मामी के पास ही रहती है। छात्रा ने बताया था कि उसके साथ गैंगरेप करने वाले युवकों की उम्र 20-22 साल है। उन्होंने उसकी ममेरी बहन की गर्दन पर चाकू रख दिया था। इसलिए उसने शोर नहीं मचाया। उधर, पुलिस का कहना है कि यह मामला रेप, पोक्सो एक्ट में दर्ज किया गया है। पीड़ित छात्रा का मेडिकल परीक्षण भी हो गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा।