एमपी: उज्जैन में वक्फ कब्रिस्तान पर तोड़फोड़ से मुस्लिम समाज नाराज, शहर काजी बोले- ये न्यायालय की अवमानना
उज्जैन के नीलगंगा स्थित वक्फ कब्रिस्तान, दरगाह और मस्जिद पर प्रशासन की तोड़फोड़ कार्रवाई से मुस्लिम समाज नाराज है। शहर काजी ने इसे न्यायालय की अवमानना बताते हुए हाईकोर्ट जाने की बात कही। कमेटी ने 1985 के राजपत्र में संपत्ति दर्ज होने का दावा किया है।
विस्तार
नीलगंगा स्थित वक्फ कब्रिस्तान, दरगाह सैयद बाबा शाही मकबरा और मस्जिद कलंदरी की संपत्ति पर प्रशासन की तोड़फोड़ की कार्रवाई को लेकर मुस्लिम समाज में नाराजगी है। शहर काजी खलिकुर्रह्मान ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई को न्यायालय की अवमानना बताया है।
शहर काजी खलिकुर्रह्मान ने कहा कि शासन और प्रशासन न्यायालय के आदेशों का पालन नहीं कर रहे हैं। जब पूरा मामला वक्फ ट्रिब्यूनल में विचाराधीन है, तो इतनी जल्दबाजी में कार्रवाई करने की क्या जरूरत थी? उन्होंने सवाल उठाया कि यदि इस स्थान को तोड़ना इतना ही आवश्यक था, तो न्यायालय के अंतिम फैसले का इंतजार क्यों नहीं किया गया?
विकास के नाम पर धर्मस्थलों को नहीं हटाया जाए
कब्रों और मजारों को नुकसान पहुंचाए जाने पर विरोध जताते हुए शहर काजी ने कहा कि जीवित कब्रों को जेसीबी से तोड़ा गया है। शरीयत और कानून के मुताबिक मजार को तोड़ा नहीं जा सकता, इसके बावजूद प्रशासन ने ऐसा करके गलत कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज इस अन्याय के खिलाफ न्यायालय और हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मुस्लिम समाज शहर के चौड़ीकरण और विकास कार्यों के खिलाफ नहीं है, लेकिन विकास के नाम पर किसी भी धर्म के धर्मस्थल को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। शहर काजी ने प्रशासन को निष्पक्षता बरतने की नसीहत देते हुए कहा कि प्रशासन ने पहले भी एक सूची भेजी थी, जिस पर समाज ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। प्रशासन को अपने चश्मे के दोनों नंबर बराबर रखने चाहिए, यानी सभी के साथ समान व्यवहार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मौजूदा कार्रवाई से समाज में परेशानी और आक्रोश है।
1985 के राजपत्र में दर्ज है वक्फ संपत्ति
इस मामले में मुस्लिम नुमाइंदा सोशल वेलफेयर कमेटी, उज्जैन ने दस्तावेजी प्रमाणों का हवाला देते हुए बताया कि नीलगंगा स्थित वक्फ कब्रिस्तान, दरगाह सैयद बाबा शाही मकबरा और मस्जिद कलंदरी विधिवत पंजीकृत वक्फ संपत्ति हैं। इनका पंजीयन क्रमांक 1026/959, 1028/961 और 1026/962 है।
कमेटी के अनुसार, इसके अंतर्गत आने वाली संपत्तियां शाही मकबरा, कलंदरी, मजार, दरगाह पीर और कब्रिस्तान मध्य प्रदेश राजपत्र में 13 सितंबर 1985 को क्रमांक 961, 962 और 963 पर दर्ज हैं। इसके अलावा 1955 से 1985 तक के रिकॉर्ड में भी इनका उल्लेख मिलता है। उक्त संपत्ति को लेकर रेलवे के साथ वर्ष 1998 से न्यायालयीन कार्यवाही भी चल रही है। कमेटी और शहर काजी ने इन तथ्यों का हवाला देते हुए प्रशासन की कार्रवाई को गैरकानूनी बताया है।

