एमपी में दर्दनाक हादसा: नलखेड़ा में आठ लोगों की मौत के बाद आक्रोश, पुलिस ने फटकारी लाठियां; भीड़ हुई तितर बितर
आगर मालवा के नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार उफनते बरसाती नाले में बह गई। हादसे में तीन बच्चों, दो महिलाओं और तीन पुरुषों समेत आठ लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक ओडिशा के बताए जा रहे हैं।
विस्तार
जानकारी के अनुसार श्रद्धालु उज्जैन से टैक्सी किराये पर लेकर मां बगलामुखी माता मंदिर के दर्शन करने नलखेड़ा पहुंचे थे। दर्शन के बाद लौटते समय मंदिर के पास स्थित बरसाती नाला तेज बारिश के कारण उफान पर था, इसी दौरान कार तेज बहाव की चपेट में आ गई और नाले में बह गई। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने काफी मशक्कत के बाद कार को उफनते नाले से बाहर निकाला। कार में सवार सभी आठ लोगों की मौत हो चुकी थी।
ये भी पढ़ें: रायसेन: दादा धूनी दरबार का अद्भुत अनुष्ठान, 51 दिन चला अनोखा यज्ञ, डेढ़ किलो सोना और 251 जड़ी-बूटियों की आहुति
जल्दबाजी में नाला पार करने की आशंका
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में आशंका है कि तेज बहाव के बीच चालक ने जल्दबाजी में नाला पार करने का प्रयास किया, जिसके कारण कार पानी के तेज बहाव में फंसकर बह गई। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है।
मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस
एसपी दिलीप कुमार सोनी के मुताबिक हादसे में तीन बच्चों, दो महिलाओं और तीन पुरुषों की मौत हुई है। सभी मृतक ओडिशा के निवासी बताए जा रहे हैं। मरने वालों में
- राधारानी
- ज्ञानेंद्र कुमार बेहरा
- रीता रानी पति ज्ञानेंद्र बेहरा और
- कृष्णा राजवीर पुत्र शिवप्रसाद बेहरा
लोगों ने किया जमकर हंगामा
बगलामुखी मंदिर के पास नाले में डूबने से आठ लोगों की मौत के बाद लोगों में आक्रोश है। मंदिर के आसपास निजी हवन कुंड संचालित किए जाने को लेकर लोगों ने हंगामा किया। उनका कहना है कि निजी हवन कुंडों के कारण अव्यवस्था की स्थिति बनती है। आक्रोशित लोगों ने निजी हवन कुंड बंद कराने की मांग की। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया और लाठियां फटकारीं। मौके पर अभी भी हंगामे की स्थिति बनी हुई है।
