{"_id":"6b0aba7f02e1ced8e309e9b7","slug":"bhopal-congress-backs-women-s-reservation-political-row-erupts-over-delimitation-bill-as-patwari-targets-bjp-2026-11-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"भोपाल: कांग्रेस का महिला आरक्षण को समर्थन, परिसीमन विधेयक पर छिड़ा सियासी संग्राम,जीतू पटवारी का भाजपा पर हमला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
भोपाल: कांग्रेस का महिला आरक्षण को समर्थन, परिसीमन विधेयक पर छिड़ा सियासी संग्राम,जीतू पटवारी का भाजपा पर हमला
Sat, 28 Nov 2026 04:57 PM IST
प्रिया वर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
Published by: प्रिया वर्मा
Updated Sat, 28 Nov 2026 04:57 PM IST
सार
महिला आरक्षण विधेयक पर कांग्रेस ने समर्थन जताया, लेकिन जनगणना से पहले परिसीमन कराने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। जीतू पटवारी ने भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
जीतू पटवारी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
महिला आरक्षण और प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर कांग्रेस ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए महिला आरक्षण का समर्थन किया है लेकिन परिसीमन की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा जनगणना से पहले परिसीमन कराकर देश के लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। वहीं महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार से विधेयक के खिलाफ मतदान करने की अपील की है।
विज्ञापन
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने महिला आरक्षण और प्रस्तावित परिसीमन विधेयक पर कहा कि कांग्रेस की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर स्पष्ट किया जा चुका है कि महिला आरक्षण मौजूदा सांसदों की संख्या के भीतर ही लागू किया जाना चाहिए। कांग्रेस पहले भी महिला आरक्षण के पक्ष में थी और आज भी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को हर हाल में उनका अधिकार मिलना चाहिए।
विज्ञापन
पटवारी ने परिसीमन की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए असम का उदाहरण दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपनी सुविधा के अनुसार वहां परिसीमन कराया और लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस की बैठक हो रही है और इससे पहले भी बैठक हुई थी। पार्टी इस मुद्दे पर लगातार चर्चा कर रही है।
विज्ञापन
उन्होंने आरोप लगाया कि जनगणना से पहले परिसीमन कराकर भाजपा देश के लोकतंत्र की हत्या करने का प्रयास कर रही है। इस विधेयक का समर्थन करने वाले राजनीतिक दलों के बारे में उन्होंने कहा कि यह सदन का विषय है और वह इस पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहते।
ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश: भोपाल में 12 दिसंबर को 'संविधान बचाओ' मार्च, राहुल गांधी-अखिलेश-ममता समेत कई दिग्गज होंगे शामिल
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि सुप्रिया सुले लंबे समय से इंडी गठबंधन का महत्वपूर्ण हिस्सा रही हैं। उन्हें उम्मीद है कि गठबंधन की ओर से दिए गए निमंत्रण पर वह बैठक में जरूर शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन राष्ट्रीय स्तर का गठबंधन है और सभी सहयोगी दलों को इसी स्तर पर बातचीत जारी रखनी चाहिए।
हर्षवर्धन सपकाल ने शरद पवार की राजनीतिक विचारधारा का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका राजनीतिक सफर छत्रपति शिवाजी महाराज, राजर्षि शाहू महाराज, महात्मा ज्योतिबा फुले और डॉ. भीमराव आंबेडकर के आदर्शों तथा संवैधानिक मूल्यों पर आधारित रहा है। उन्हें उम्मीद है कि शरद पवार भाजपा की राजनीतिक रणनीति के जाल में नहीं फंसेंगे और विधेयक के खिलाफ मतदान कर संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करेंगे।
एनसीपी (एसपी) के विधेयक को समर्थन देने की चर्चाओं पर सपकाल ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पार्टी इसका विरोध करेगी। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि समर्थन को लेकर अभी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस विधेयक का विरोध करने की तैयारी कर रही है और पार्टी की ओर से जल्द ही इस मुद्दे पर स्थिति और स्पष्ट की जाएगी।

