बैतूल हाईवे पर खौफनाक मंजर: दो ट्रकों के बीच जिंदगी और मौत से जूझते रहे चार लोग, कांच फोड़कर लोगों ने निकाला
बैतूल-नागपुर-भोपाल हाईवे के बरेठा घाट पर तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। कार दो ट्रकों के बीच फंसकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए। स्थानीय लोगों ने कांच तोड़कर सभी को बाहर निकाला। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
विस्तार
बैतूल-नागपुर-भोपाल नेशनल हाईवे पर स्थित बरेठा घाट एक बार फिर भीषण सड़क हादसे का गवाह बना। बरेठा घाट पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार दो ट्रकों के बीच बुरी तरह फंस गई। हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने कार के कांच तोड़कर बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार कार सवार बैतूल से शाहपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार बरेठा घाट के मोड़ पर पहुंची तभी सामने से आ रहे एक बेकाबू ट्रक ने कार को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर दो ट्रकों के बीच जा फंसी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार के अगले और पिछले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
ये भी पढ़ें- शिवपुरी का बेटा तिरंगे में लिपटकर लौटा: ITBP जवान नीरज की पार्थिव देह पहुंचे भौंती, विदाई से पहले गार्ड ऑफ ऑनर
हादसे के दौरान वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद लोहे की रॉड और पत्थरों से कार के कांच तोड़े और अंदर फंसे चारों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि कार किस तरह दो बड़े ट्रकों के बीच दबी हुई है। अगर स्थानीय लोग समय पर नहीं पहुंचते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
गौरतलब है कि बरेठा घाट लंबे समय से ब्लैक स्पॉट बना हुआ है। यहां आड़े मोड़ और तेज रफ्तार और गलत ओवरटेकिंग के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। स्थानीय लोगों ने कई बार प्रशासन से यहां स्पीड ब्रेकर की मांग की है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। फिलहाल शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई है और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर हाईवे पर यातायात को सुचारू कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद लगा लंबा जाम

दो ट्रकों के बीच फंसी रही कार
