UP: अपराधियों से गठजोड़ वाले 625 पुलिसकर्मी हटाए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर अपराधियों से सांठगांठ रखने वाले 626 पुलिस कर्मियों को चिह्नित कर दूसरे जिलों में स्थानांतरित कर दिया गया है। इसमें 338 पुलिस कर्मियों को जोन और रेंज स्तर पर जबकि 288 पुलिस कर्मियों को मुख्यालय स्तर से स्थानांतरित किया गया है।
पिछले दिनों डीजीपी जावीद अहमद ने ऐसे पुलिस कर्मियों को चिह्नित करने के निर्देश दिए थे। आईजी लोक शिकायत विजय सिंह मीणा ने बताया कि इसके लिए तीन श्रेणी में पुलिस कर्मियों को चिह्नित किया गया। जिसमें ऐसे पुलिस कर्मी जिनका संबंध अपराधियों से हो, ऐसे पुलिस कर्मी जिसके रिश्तेदार उसी क्षेत्र में रहते हों या ऐसे पुलिस कर्मी जिनके रिश्तेदार किसी आपराधिक प्रवृत्ति के हों।
ऐसे पुलिस कर्मियों की छटनी कर पहली सूची में 626 लोगों को स्थानांतरित किया गया। उन्होंने बताया कि इन सभी पुलिस कर्मियों को दूर के जिलों में भेजा गया है और संबंधित जिलों के पुलिस कप्तान को ऐसे पुलिस कर्मियों की ड्यूटी के अतिरिक्त गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निर्देशित भी किया गया है।
इंस्पेक्टर से लेकर सिपाही तक आए जद में
पुलिस मुख्यालय की ओर से की गई इस कार्रवाई में इंस्पेक्टर से लेकर सिपाही तक जद में आए और उन्हें हटाया गया। 626 पुलिस कर्मियों में सात इंस्पेक्टर, 65 सब इंस्पेक्टर, 4 हेड कांस्टेबिल (आर्म पुलिस), 41 हेड कांस्टेबिल (सिविल पुलिस), 489 कांस्टेबिल और 20 अन्य पुलिस कर्मी शामिल हैं।
आईजी लोक शिकायत ने बताया कि अभी इसकी शुरुआत की गई है, यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि अभी शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। जांच के दौरान अपराधियों से सांठगांठ में कोई नया तथ्य सामने आता है तो ऐसे पुलिस कर्मियों पर कड़ी विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।