पुलिस से उठा भरोसा, लखनऊ के चर्चित हत्याकांड के गवाह की शादी टूटी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ पुलिस एक बार फिर अपराधियों के खौफ के आगे कमजोर साबित हुई। श्रवण साहू की सुरक्षा में नाकाम खाकी उनके बेटे आयुष साहू की हत्या के अहम गवाह आकाश की शादी भी नहीं बचा सकी।
आकाश की सोमवार को शादी थी, लेकिन अपराधी अकील की दहशत से सहमे लड़की पक्ष ने शादी से इन्कार कर दिया। आकाश ने रविवार देर रात परिवारीजनों, रिश्तेदारों और परिचितों को शादी कैंसिल होने की जानकारी दी।
आकाश लकड़मंडी में रहता है और श्रवण के बेटे सुनीत के मेडिकल स्टोर में काम करता है। उसकी सोमवार को लकड़मंडी में ही रहने वाली युवती से शादी थी। सुनीत ने बताया कि बारात जगन्नाथ प्रसाद इंटर कॉलेज जानी थी।
नवरात्र के दौरान आकाश का वरीक्षा और तिलक हुआ था। दो सप्ताह पहले शादी के कार्ड बांटे जा चुके थे, इसी बीच श्रवण साहू की हत्या हो गई। इस वारदात से लड़की पक्ष के लोग इतनी दहशत में आ गए कि उन्होंने आकाश के साथ शादी से इन्कार कर दिया।
देखें, क्या बोला लड़की पक्ष
लड़की पक्ष का कहना था कि जिस तरह अकील ने आयुष साहू की सरेराह हत्या के बाद मुकदमे में पैरवी कर रहे उसके पिता श्रवण को दुस्साहसिक तरीके से मार डाला, वह आकाश को भी खत्म करा सकता है।
उन्होंने कहा कि पुलिस उसके पिता की सुरक्षा नहीं कर सकी तो आकाश की सुरक्षा कैसे कर पाएगी। अगर यह शादी हो भी गई तो उनकी बेटी हमेशा दहशत में जिएगी।
पता नहीं अकील कब उसका सिंदूर उजाड़ दे। ऐसी आशंकाओं के चलते ही लड़कीवालों ने शादी से मना किया। सुनीत और श्रवण के भाई राजकुमार का कहना है कि वह लड़की पक्ष से बातचीत करेंगे।
श्रवण की हत्या में लापरवाही के इल्जाम झेल रही पुलिस का रवैया अब भी नहीं सुधरा। इस सनसनीखेज वारदात के पांचवें दिन आयुष साहू के गवाह आकाश को सुरक्षा दी गई।
रविवार शाम सआदतगंज थाना प्रभारी समर बहादुर यादव गनर लेकर लकड़मंडी स्थित आकाश के घर पहुंचे। थाना प्रभारी ने गनर को चौकन्ना रहने और हर संदिग्ध व्यक्ति की पड़ताल करने के निर्देश दिए।