मेट्रो इंजीनियर की पत्नी ने दीवार पर सुसाइड नोट लिखकर की आत्महत्या की कोशिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के गोमतीनगर में किराए के मकान में रहने वाले मेट्रो के इंजीनियर श्रीनिवास बालन की पत्नी जेबशीला बालन ने शुक्रवार सुबह नींद की गोलियां खाकर खुदकुशी की कोशिश की।
जेबशीला ने दीवार पर सुसाइड नोट लिखकर पति व सास-ससुर सहित ससुराल के अन्य सदस्यों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए उन्हें अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
सूचना पाकर पहुंची यूपी 100 सेवा की पब्लिक रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) 507 के पुलिसकर्मियों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के मुताबिक जेबशीला की हालत खतरे से बाहर है।
एसओ अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि श्रीनिवास बालन मूलरूप से तमिलनाडु के मदुरै के रहने वाले हैं और सात महीने से विनीतखंड तीन में किराये के मकान में रह रहे हैं। वह लखनऊ मेट्रो रेल कॉरपोरेशन में इलेक्ट्रिक लिफ्ट का काम देख रहे हैं।
करीब सप्ताहभर से दंपती में झगड़ा हो रहा था। शुक्रवार सुबह श्रीनिवासन के ऑफिस जाने के बाद जेबशीला ने कमरे का दरवाजा बंद कर दीवार पर सुसाइड नोट लिखा और नींद की 10-12 गोलियां निगल लीं।
पुलिस के पल्ले नहीं पड़ी भाषा
उनकी चीखें सुनकर मकान मालिक मौके पर पहुंचे तो दरवाजा बंद था। उन्होंने पुलिस कंट्रोलरूम को सूचना दी। चंद मिनट में ही पीआरवी 507 मौके पर आ गई। सब इंस्पेक्टर एसएन सिंह, कांस्टेबल कृष्ण कुमार और चालक सुधीर ने दरवाजा तोड़ा और जेबशीला को लोहिया अस्पताल ले गए।
एसओ ने बताया कि जेबशीला ने दीवार पर लिखे सुसाइड नोट में पति और सास-ससुर के अलावा अन्य सदस्यों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। जेबशीला ने यह भी कहा कि उसने गोमतीनगर पुलिस से शिकायत की थी लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
इसलिए खुदकुशी की कोशिश की। हालांकि, एसओ ने शिकायत मिलने की बात से इन्कार किया। फिलहाल मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। एसओ का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
भाषा की समस्या के कारण पुलिस नहीं कर सकी बातचीत
पुलिसकर्मियों ने जेबशीला से बातचीत की कोशिश की लेकिन वह तमिल व अंग्रेजी में बात कर रहीं थीं।
दोनों ही भाषाएं पुलिसकर्मियों के पल्ले नहीं पड़ीं। अंग्रेजी समझने के लिए अस्पताल के चिकित्सकों का सहयोग लिया गया तब जाकर पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी मिली।