UP Big News: कई जगह गिरे ओले, सीएम का विपक्ष पर एक और हमला; दिल्ली प्रदर्शन के कारण रद्द हुए 14 हजार टिकट
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में रविवार दोपहर को मौसम ने अचानक करवट ली। मेरठ, मुजफ्फरनगर और शामली जिलों में दोपहर के समय घने काले बादल छा गए, जिससे दिन में ही अंधेरा छा गया। पढ़ें प्रदेश की बड़ी खबरें
विस्तार
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में रविवार दोपहर को मौसम ने अचानक करवट ली। मेरठ, मुजफ्फरनगर और शामली जिलों में दोपहर के समय घने काले बादल छा गए, जिससे दिन में ही अंधेरा छा गया। मेरठ में तेज हवाओं के साथ कई जगहों पर बूंदाबांदी हुई, जिसने लोगों को गर्मी से राहत दी। मुजफ्फरनगर और शामली झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया। उधर, शारदीय नवरात्र के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते नौ साल में प्रदेश में महिलाओं की स्थिति में आए बदलाव को लेकर बड़े दावे किए। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले महिलाएं घरों की चौखट लांघने से डरती थीं। वहीं, 10 अक्तूबर को आंदोलन के कारण ट्रेनें निरस्त होने से रेलवे को बड़ा आर्थिक झटका लगा है। एक ही दिन में 14 हजार टिकट निरस्त होने से रेलवे को 1.17 करोड़ रुपये रिफंड देना पड़ा। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर भाजपा के लिए वोट चोरी करने का आरोप लगाते हुए 10 अक्तूबर को प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किए गए युवाओं को रिहा करने की अपील की। अखिलेश ने सरकार पर जेपीएनआईसी बेच देने का भी आरोप लगाया। वहीं, कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे तो वहां जमकर हंगामा हो गया। पढ़ें प्रदेश की बड़ी खबरें
वेस्ट यूपी का मौसम: मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर और शामली में बारिश, ओले गिरे, कई जगह आंधी से पेड़ उखड़े
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है। मेरठ, मुजफ्फरनगर और शामली जिलों में दोपहर के समय घने काले बादल छा गए, जिससे दिन में ही अंधेरा छा गया। मेरठ में तेज हवाओं के साथ कई पर बूंदाबांदी हुई, जिसने लोगों को गर्मी से राहत दी। वहीं मुजफ्फरनगर और शामली झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया। बिजनौर और सहारनपुर में भी बारिश हुई। वहीं कई जगह तेज आंधी से पेड़ गिर गए। पढ़ें पूरी खबर
"2017 से पहले चौखट लांघना था मुश्किल", योगी बोले-अब 50% से अधिक स्टार्टअप्स की कमान संभाल रहीं महिलाएं
शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए महिला सशक्तीकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 50 फीसदी से अधिक स्टार्टअप्स का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं। महिला कार्यबल की भागीदारी भी 12 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत से अधिक हो गई है। उन्होंने इसे महिलाओं के बढ़ते विश्वास और उनके लिए विस्तृत होते अवसरों का प्रमाण बताया। पढ़ें पूरी खबर
यूपी: अखिलेश यादव की मांग, गिरफ्तार किए गए नौजवानों-छात्रों को रिहा करे सरकार
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने पर गिरफ्तार किए गए छात्रों और युवाओं को रिहा किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार गिरफ्तार किए गए छात्रों और युवाओं को रिहा करे। उन्होंने कहा कि जो सरकार अपने अंत से डरती है वो अन्याय का सहारा लेती है। पढ़ें पूरी खबर
रेलवे : एक ही दिन में 14 हजार से अधिक टिकट रद्द, रेलवे ने 1.17 करोड़ का दिया रिफंड
नई दिल्ली जाने वाली ट्रेनों के शुक्रवार को हुए निरस्तीकरण के चलते जहां एक ओर आम यात्रियों को परेशानी हुई तो वहीं रेलवे को भी इससे आर्थिक चोट पहुंची। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के रिजर्वेशन काउंटरों की बात करें एक ही दिन में रेलवे प्रशासन ने 1.17 करोड़ रुपये आरक्षित टिकट के रिफंड के रूप में चुकाए। पढ़ें पूरी खबर
जयप्रकाश नारायण की जयंती पर अखिलेश ने अर्पित की श्रद्धांजलि, बोले-पैसों की खनक के आगे बेच दिया गया सेंटर
लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर रविवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गोमतीनगर स्थित जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय केंद्र (जेपीएनआईसी) पहुंचे। यहां उन्होंने जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने जेपीएनआईसी की स्थिति को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। कहा कि पैसों की खनक के आगे सेंटर बेच दिया गया। पढ़ें पूरी खबर
लखनऊ: कांग्रेस कार्यालय में हंगामा, धक्कामुक्की व जूते चले, पदभार ग्रहण करने पहुंचे थे आराधना मिश्रा व इमरान मसूद
लखनऊ में कांग्रेस कार्यालय में आराधना मिश्रा ‘मोना’ और इमरान मसूद के पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान विवाद की स्थिति बन गई। कार्यक्रम के दौरान अजय राय के साथ एक महिला कांग्रेस नेता द्वारा कथित बदसलूकी किए जाने से उनके समर्थकों में नाराजगी फैल गई। पढ़ें पूरी खबर