लखनऊ एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, हाई अलर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आतंकियों के जरिये पूरे अमौसी एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इस सूचना के साथ ही हड़कंप मच गया और पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया। सीआईएसएफ और सिविल पुलिस के अधिकारियों ने एयरपोर्ट के चप्पे-चप्पे को बारीकी से चेक किया।
वहां उपस्थित कर्मचारियों और यात्रियों से पूछताछ की गई। सीसीटीवी कैमरे खंगाले गये। देर रात तक किसी के भी एयरपोर्ट से निकलने पर रोक लगी रही। सीओ कृष्णानगर अवनीश कुमार मिश्रा ने बताया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल, मुंबई के कार्यालय में लखनऊ से एक व्यक्ति ने फोन किया।
उन्होंने बताया कि अमौसी एयरपोर्ट पर उसने चार संदिग्धों को देखा गया है। वह लोग अमौसी एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की बात कर रहे थे। सबसे पहले उन्होंने एयर इंडिया के दो प्लेन में धमाका करने की बात कही।
फोन करने वाले शख्स ने यह भी बताया कि चारों संदिग्धों के पास असलहे व बड़ी मात्रा में गोला बारूद मौजूद होने की जानकारी मिली है। बगैर अपना नाम व पता बताये उसने फोन काट दिया। इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल मुंबई के अधिकारियों ने एटीएस मुंबई को इसकी सूचना दी।
लखनऊ एयरपोर्ट पर बढ़ाई गई सुरक्षा
इसके साथ ही उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारियों और खुफिया एजेंसियों को जानकारी दे दी गई। सूचना मिलने के कुछ मिनटों के बाद पूरे अमौसी एयरपोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस अधिकारियों ने एयरपोर्ट के अधिकारियों से संपर्क साधा।
इसके बाद सीआईएसएफ व सिविल पुलिस ने सर्च अभियान चलाया। हालांकि इस दौरान पुलिस को न तो कोई संदिग्ध मिला और न ही गोला बारूद। वहीं, खुफिया एजेंसियां मुंबई एयर ट्रैफिक को फोन करने यह सूचना देने वाले शख्स के बारे में पता लगा रही है। देर रात तक उसे तलाशा नहीं जा सका है।
लखनऊ एयरपोर्ट के निदेशक एससी होता ने बताया कि मुंबई एटीसी ने जानकारी दी थी कि लखनऊ एयरपोर्ट पर किसी विमान में आतंकी वारदात जैसी घटना होने की सूचना है। मुंबई से मिली इस जानकारी के बाद यहां सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है।
सीआईएसएफ सहित कई सुरक्षा एजेंसियों ने एयरपोर्ट को पूरी तरह सुरक्षा के घेरे में ले लिया। इसके बाद एंबुलेंस व फायर सर्विस को भी एलर्ट कर दिया गया। हालांकि देर रात छानबीन की गई और कोई भी गड़बड़ी नहीं मिली।