विहिप ने सीएम योगी से की धर्मांतरण कराने वाले मिशनरियों पर कठोर कार्रवाई की मांग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विहिप के राष्ट्रीय महामंत्री मिलिंद परांडे ने आरोप लगाया कि ईसाई मिशनरियां प्रदेश में बड़े पैमाने पर छल कपट और प्रलोभन से हिंदुओं का धर्मांतरण करा रही है। चंगाई सभाओं के जरिये भी इस साजिश को अंजाम दिया जा रहा है। प्रदेश सरकार को ऐसी मिशनरियों पर नकेल कसते हुए कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।
जिससे हिंदू समाज पर छाया धर्मान्तरण का खतरा खत्म हो। उन्होंने कहा कि 5 अक्टूबर को दिल्ली में साधु-संतों की बैठक में मंदिर मुद्दे पर आगे की रणनीति तय की जाएगी। कुंभ के दौरान अगले वर्ष 31 जनवरी और 1 फरवरी को प्रयाग में आयोजित धर्म संसद की बैठक में इस मुद्दे निर्णायक फैसला किया जाएगा।
सरकार को कानूनी दिक्कतें दूर कर मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करना चाहिए। धर्म संसद की बैठक में गोरक्षा, सामाजिक समरसता और यूपी में ईसाई मिशनरियों की सक्रियता, लव जेहाद, घर वापसी जैसे मुद्दों पर भी बात होगी। वह रविवार को यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि बांग्लादेशियों की घुसपैठ, गो-हत्या और लव जेहाद जैसे मामले हिंदू समाज के अस्तित्व के लिए खतरा हैं। सरकार को इन पर कड़ाई से नियंत्रण लगाना चाहिए। हिंदू समाज इसे स्वीकार नहीं करेगा।
घुसपैठ से आबादी असंतुलन पैदा हो गया है। कई राज्यों के मूल नागरिकों की पहचान संकट में है। मिजोरम, मेघालय और नगालैंड ईसाई बहुल हो गए हैं। जम्मू-कश्मीर मुस्लिम प्रभुत्व वाला राज्य बन गया है।
धर्मांतरण और मुस्लिम घुसपैठ नहीं रोकी गई तो हिंदू समाज खतरे में पड़ जाएगा। परांडे ने धर्मांतरण, गो-हत्या, लव जेहाद के खिलाफ 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक अभियान चलाने की घोषणा की। कहा इसी दौरान लोगों को वापस हिंदू बनाने के लिए घर वापसी अभियान चलेगा।
हिंदू शरणार्थियों को नागरिकता दें
उन्होंने मांग की कि बांग्लादेश और पाकिस्तान से जो हिंदू शरणार्थी के रूप में आ रहे हैं, उन्हें तुरंत नागरिकता देनी चाहिए। जो मुसलमान पाकिस्तान और बांग्लादेश से घुसपैठिया बनकर आ रहे हैं उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
युवा संस्कार सप्ताह 25 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक
मिलिंद परांडे ने बताया कि बजरंग दल 25 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक युवा संस्कार सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इसमें युवाओं को नशा छोड़ने और यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प दिलाया जाएगा। बताया कि गत दिनों बजरंग दल के सदस्यता अभियान में 32 लाख नए युवा सदस्य बनाए गए हैं। सितम्बर में महिलाओं और युवतियों को भी विहिप में शामिल करने का अभियान चलाया जाएगा।
मुझे नहीं पता कि राहुल हिंदू हैं या नहीं
विहिप महामंत्री परांडे ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के हिंदू होने पर सवाल खड़ा किया। राहुल गांधी की मानसरोवर यात्रा पर कहा कि उन्हें नहीं पता कि राहुल गांधी हिन्दू हैं या नहीं। पर, यदि वह हिंदू बनते हैं और हिंदू आस्था का पालन करते हैं तो विहिप उनका स्वागत करेगी। कहा कि विहिप का मकसद देश के प्रत्येक व्यक्ति को हिंदू बनाना है।
मोदी ही बताएंगे कि क्या सोचकर मस्जिद गए
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बोहरा समाज की मस्जिद में जाने के सवाल पर मिलिंद परांडे ने कहा कि जिसे देश में राजनीति करनी है उसे हिंदू हित के बारे में सोचना होगा। कहा कि मोदी क्या सोचकर मस्जिद गए यह सवाल तो उनसे ही पूछना पड़ेगा। पर, हर व्यक्ति को अपनी धार्मिक आस्था पर काम करना चाहिए।