लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्रावासों से आए दिन आ रहीं शिकायतों और व्यवस्थाओं पर उठ रहे सवालों के बीच कुलपति प्रो. जेपी सैनी शुक्रवार शाम को अचानक तिलक हॉस्टल पहुंच गए। शाम सवा छह बजे बिना किसी पूर्व सूचना के पहुंचे कुलपति ने मेस की रसोई में तैयार भोजन को भी चखा और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता परखी। कुलपति के साथ चीफ प्रॉक्टर प्रो. राकेश द्विवेदी, चीफ प्रोवोस्ट प्रो. आशीष अवस्थी, डीएसडब्ल्यू प्रो. अमिता कनौजिया और निर्माण अधीक्षक प्रो. विनीत वर्मा भी मौजूद रहे। टीम ने छात्रावास के कमरों, गलियारों, कॉमन रूम, डाइनिंग एरिया और मेस का निरीक्षण किया।
कुलपति ने छात्राओं से बिजली, पंखे, पेयजल, वॉशरूम की सफाई और पढ़ाई के माहौल के बारे में जानकारी ली। निर्माण अधीक्षक को आवश्यक मरम्मत और विद्युत उपकरणों के रखरखाव के काम प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए। कुलपति ने कच्ची सब्जियों, दाल, चावल, मसालों और अन्य खाद्य सामग्री के भंडारण की स्थिति देखी। विवि के प्रवक्ता प्रो. मुकुल श्रीवास्तव ने बताया कि हॉस्टल प्रबंधन में जवाबदेही तय करने के लिए दैनिक रिपोर्टिंग व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। मेस की गुणवत्ता, साफ-सफाई और छात्रों की समस्याओं पर नियमित निगरानी के साथ त्वरित समाधान की व्यवस्था की जाएगी।

तिलक हॉस्टल पहुंचे कुलपति, मेस का खाना चखकर जांची गुणवत्ता