खुशखबरी: 3002 VDO के पदों पर होंगी भर्तियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश सरकार ग्राम विकास अधिकारियों (वीडीओ) के रिक्त पदों की भर्ती ग्राम्य विकास विभाग की जगह अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से कराएगी। सरकार के निर्देश के बाद विभाग ने रिक्त पदों पर प्राप्त आवेदनों को आयोग के हवाले कर दिया है।
वीडीओ के रिक्त 3002 पदों पर करीब 1.23 लाख आवेदन आए थे। अब आयोग को तय करना है कि वह विभाग स्तर से लिए गए आवेदन के आधार पर भर्ती की कार्यवाही आगे बढ़ाएगा या नए सिरे से विज्ञापन निकालकर भर्ती करेगा।
प्रदेश में ग्राम विकास अधिकारियों के रिक्त 3002 पदों पर भर्ती की कार्यवाही पिछले ढाई साल से चल रही है। भर्ती की कार्यवाही ग्राम्य विकास विभाग ने शुरू की थी और जनवरी 2014 में आवेदन लेने का काम पूरा हुआ। पहली बार इन पदों के लिए उन्हीं आवेदकों को मौका मिला, जिनके पास डोएक की सीसीसी सर्टिफिकेट थे। बावजूद इसके भर्ती की कार्यवाही पूरी नहीं हो पाई।
बीच में अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के गठन के साथ ही इस बात की अटकलें शुरू हो गईं कि शायद ही सरकार विभाग को वीडियो की भर्तियां करने दे। अब यह अटकल सही साबित हुई। अब ग्राम्य विकास विभाग ने विभाग स्तर से निकाले गए विज्ञापन पर आए आवेदन और भर्ती से जुड़ा प्रस्ताव आयोग को भेज दिया है। अब भर्ती की कार्यवाही आयोग आगे बढ़ाएगा।
2013 में शुरू हुई भर्ती की कार्यवाही
ग्राम्य विकास विभाग ने वीडीओ के रिक्त पदों पर चयन संबंधी कार्यवाही अगस्त 2013 में शुरू की थी। 20 अक्तूबर 2013 से आवेदकों को ऑनलाइन आवेदन का मौका मिला।
जनवरी 2014 में आवेदन लेने का काम पूरा हुआ। कुल 3002 पदों के लिए 123151 आवेदन आए थे। इनमें सामान्य वर्ग के 48445, अन्य पिछड़ा वर्ग के 54078, अनुसूचित जाति के 19940 व अनुसूचित जनजाति के 688 आवेदन बताए गए थे।
पुराने विज्ञापन पर भर्ती या नए सिरे से, आयोग तय करेगा
प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास अरुण सिंघल ने बताया कि समूह ‘ग’ की भर्तियों के लिए अधीनस्थ सेवा चयन आयोग का गठन हुआ है।
विभाग ने रिक्त पदों पर लिए गए आवेदन और भर्ती से जुड़ा प्रस्ताव (अधियाचन) अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को भेज दिया है। अब आयोग को तय करना है कि वह लिए गए विज्ञापन के आधार पर भर्ती कार्यवाही को आगे बढ़ाएगा या नए सिरे से कार्यवाही करेगा।
साल के अंत तक भरे जाएंगे बीडीओ के पद
प्रदेश के विकास खंड कार्यालयों में खंड विकास अधिकारी के काफी पद अभी भी रिक्त हैं। एक-एक बीडीओ के पास कई-कई ब्लॉकों का काम है। इससे विकास कार्यों पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। शासन ने इन पदों को साल के अंत तक हर हाल में भरने की योजना बनाई है।
प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास अरुण सिंघल ने बताया कि बीडीओ के वर्तमान में 821 पद हैं। इनमें 590 पदों पर बीडीओ कार्यरत हैं। 128 बीडीओ चयनित होकर आ गए हैं। विभाग की योजना है कि इन्हें प्रशिक्षण दिलाकर जल्द तैनाती दी जाए। इसके बाद 103 पद और खाली बचेंगे। सिंघल ने बताया कि पदोन्नति कोटे से इन पदों को भरने का प्रयास होगा।
वस्त्रोद्योग विभाग में 35 को दी नौकरी
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग में पर्यवेक्षक एवं लेखाकार के रिक्त 35 पदों पर इंटरव्यू के जरिये भर्ती की कार्यवाही पूरी कर ली है। आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी है।
35 रिक्त पदों में 16 पर अनारक्षित, सात पर अनुसूचित जाति, एक पर अनुसूचित जनजाति व 11 पदों पर अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। आयोग के परीक्षा नियंत्रक ने बताया है कि चयनितों का ब्यौरा आयोग की वेबसाइट upsssc.gov.in पर उपलब्ध है।