अपराधियों को पकड़वाने पर अब यूपी पुलिस पर होगी लाखों की बारिश, पांच गुना मिलेगा इनाम
यूपी में अपराधियों को दबोचने वाले पुलिस कर्मियों की हौसला आफजाई के लिए पुरस्कार राशि में पांच गुना तक बढ़ोत्तरी कर दी है। प्रमुख सचिव गृह किसी अपराधी पर अब पांच लाख रुपये तक इनाम घोषित कर सकेंगे। वहीं डीजीपी का अपराधियों पर इनाम घोषित करने का अधिकार 50 हजार से बढ़ाकर ढाई लाख रुपये कर दिया गया है। जोन स्तर पर यह राशि 15 हजार रुपये की जगह एक लाख रुपये होगी।
प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार ने बताया कि अपराधियों को पकड़ने के लिए इनाम घोषित करने के जो नियम हैं वह काफी पुराने हैं। यह राशि पुलिस पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ाने के लिए पर्याप्त नही है। इसलिए इसमें बढ़ोत्तरी की गई है। डीजीपी और एसएसपी के वित्तीय अधिकार में पांच गुना बढ़ोत्तरी हुई है। वहीं एडीजी को अब एक लाख रुपये तक का पुरस्कार देने का अधिकार होगा। प्रमुख सचिव गृह के बाद गृह मंत्री या मुख्यमंत्री अपने विवेक से पुरस्कार की राशि घोषित कर सकते हैं।
एक लाख से ऊपर के छह इनामी अपराधियों की तलाश
एक लाख या उससे अधिक रुपये के इनामी छह अपराधी हैं। गौतमबुद्घ नगर के कुलवीर और चित्रकूट के गौरी यादव पर एक-एक लाख रुपये का इनाम है। गाजीपुर के अताउर्रहमान और शहाबुद्दीन व बलिया के कौशल कुमार चौहान पर दो-दो लाख रुपये का इनाम है। हाल ही में पुलिस को चकमा देकर चित्रकूट के जंगल से भागने वाले बबुली कौल पर सरकार ने पांच लाख रुपये का इनाम घोषित है।
कितनी बढ़ी राशि
अधिकारी--पहले--अब
प्रमुख सचिव गृह--2.5 लाख--5 लाख
डीजीपी--50 हजार--2.5 लाख
एडीजी/आईजी जोन-- -- --1 लाख
आईजी/डीआईजी रेंज--15 हजार--50 हजार
एसएसपी/एसपी--5 हजार--25 हजार
प्रदेश में 10 हजार रुपये से ऊपर के 179 इनामी अपराधी
सूत्रों की मानें तो प्रदेश में 10 हजार रुपये या इससे ऊपर के 179 इनामी अपराधी हैं। इसमें सबसे अधिक 15 हजार रुपये के इनाम वाले अपराधी हैं।
इनाम--स्वीकृति का स्तर--अपराधी की संख्या
पांच लाख--सरकार के स्तर पर--1
दो लाख--प्रमुख सचिव गृह--3
एक लाख--प्रमुख सचिव गृह--2
50 हजार--पुलिस महानिदेशक--33
20-40 हजार--एडीजी क्राइम--11
15 हजार--पुलिस महानिरीक्षक--78
10-12 हजार--पुलिस उप महानिरीक्षक--51