अमेठी में भीषण हादसा: आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, तीन युवकों की मौत
हादसे की जानकारी में सामने आया कि तीनों युवक हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। तीनों ने हेलमेट नहीं पहना था। इलाज के लिए अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विस्तार
अमेठी जिले के राजाफत्तेपुर के अहोरवा भवानी कस्बे में मंगलवार रात करीब 10 बजे बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार यशराज (18) निवासी अकबरपुर फर्सी और रमाशंकर (28) निवासी गोधना मजरे दान्दूपुर, थाना शिवरतनगंज की मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार नागेश (20) निवासी शहादतगंज मजरे डांगी बरवलिया, थाना इन्हौना की भी जान चली गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अहोरवा भवानी की ओर से राइडर बाइक आ रही थी। इसी दौरान इन्हौना की ओर से आ रही हीरो पैशन प्लस बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहपुर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने नागेश को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल यशराज और रमाशंकर को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया। उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के समय युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। क्षेत्राधिकारी दिनेश मिश्रा ने बताया कि हादसे की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
