यूपी : अमौसी एयरपोर्ट...500 मीटर बढ़ेगी रनवे की लंबाई, मिलेंगी अमेरिका-यूरोप की उड़ानें; जानें कैसे
लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट में फरवरी से रनवे 500 मीटर बढ़ाया जाएगा, जिससे 320 सीटर जंबो जेट उतर सकेंगे और अमेरिका- यूरोप की सीधी फ्लाइट्स शुरू होने का रास्ता साफ होगा।
विस्तार
लखनऊ में अमौसी एयरपोर्ट पर रनवे की लंबाई बढ़ाने का काम फरवरी से शुरू करने की तैयारी है। रनवे की लंबाई 500 मीटर तक बढ़ाई जाएगी। इससे 320 सीटर जंबो जेट विमानों को भी यहां उतारना संभव होगा। यूरोपीय देशों व अमेरिका के लिए उड़ानें भी शुरू की जा सकेंगी।
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का कद नया टर्मिनल टी-थ्री बनने के बाद बढ़ गया है। हाल ही में एयरपोर्ट से विमानों का संचालन बेहतर करने के उद्देश्य से समानांतर टैक्सी वे, रनवे मरम्मत व एडवांस लाइटिंग सिस्टम के भी काम हुए हैं। इसके लिए रनवे दोपहर में बंद किया जाता था।
समानांतर टैक्सीवे बन जाने से विमानों को रनवे पर लाने-ले जाने के लिए इंतजार नहीं करना पड़ता। अब रनवे की लंबाई बढ़ाने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। रनवे के विस्तार की योजना करीब एक दशक पुरानी है, लेकिन यह फाइलों में उलझकर रह गई थी। अमौसी एयरपोर्ट निजी हाथों में जाने के बाद इस कार्य में तेजी आई है।
सूत्र बताते हैं कि अब फरवरी में रनवे विस्तार को लेकर काम शुरू होने की उम्मीद है। वर्तमान में रनवे की लंबाई 2700 मीटर है। इसे 500 मीटर बढ़ाकर 3200 मीटर किया जाएगा। लंबाई बढ़ने से बड़े विमानों की आवाजाही आसानी से हो सकेगी। इस मामले में अभी एयरपोर्ट प्रशासन अधिकारिक तौर पर कुछ भी बोलने से बच रहा है।
पहले 3500 मीटर लंबा होना था रनवे
अमौसी एयरपोर्ट के पास एक रनवे है। इसकी लंबाई 2700 मीटर है। पहले रनवे की लंबाई 800 मीटर बढ़ाने की तैयारी थी। इससे रनवे 3500 मीटर लंबा हो जाता, लेकिन जगह के अभाव में इसकी लंबाई सिर्फ 500 मीटर ही बढ़ाई जाएगी।
अमेरिका और यूरोपीय देशों के लिए होंगी फ्लाइट्स
लखनऊ से यूरोपीय देशों, अमेरिका जाने के लिए अभी यात्रियों को दिल्ली, मुंबई की कनेक्टिंग उड़ानों का सहारा लेना पड़ता है। रनवे की लंबाई बढ़ जाने से अमेरिका एवं यूरोपियों देशों की अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी यहां से संचालित हो सकेंगी। दरअसल, कई विदेशी एयरलाइंस अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए बड़े विमानों का प्रयोग करती हैं, जिनको टेकऑफ और लैंडिंग के लिए बड़े रनवे की जरूरत पड़ती है।
उड़ान भरेंगे 320 सीटर जंबो जेट
रनवे की लंबाई बढ़ जाने से 320 सीटर जंबा जेट का संचालन अमौसी एयरपोर्ट से हो सकेगा। अभी 180 सीटर जहाजों का संचालन ही होता है। ऐसे में बड़े जहाजों के संचालन से अधिक यात्री सफर कर सकेंगे। इससे यात्रियों व एयरपोर्ट, दोनों को लाभ होगा।