UPSSSC: कनिष्ठ सहायक भर्ती प्रक्रिया की होगी वीडियोग्राफी, वरिष्ठ अधिकारी परीक्षा पर रखेंगे लाइव नजर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष प्रवीर कुमार ने आयोग की भर्ती परीक्षाओं की व्यवस्था को सुधारने की कवायद शुरू कर दी है। सोमवार को आयोग की पहली आसाधरण बैठक में उन्होंने आगामी दिनों में होने वाली कनिष्ठ सहायक (सामान्य चयन) परीक्षा को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने परीक्षा की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने और आयोग मुख्यालय से परीक्षा की लाइव निगरानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। आयोग के सचिव आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बताया कि बैठक में सभी भर्ती परीक्षाओं का परिणाम जारी करने से पहले शार्टलिस्ट या चयनित अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट की दूसरी प्रति का भी शत-प्रतिशत मूल्यांकन कराने के निर्देश दिए गए।
अगर किसी अभ्यर्थी की मूलप्रति व दूसरी प्रति के स्कोर में विसंगति मिलेगी तो संबंधित अभ्यर्थी का नाम परीक्षा परिणाम से बाहर कर दिया जाएगा और संबंधित परीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पूरी जांच के बाद उसके परिणाम पर निर्णय लिया जाएगा।
आधार के अंतिम छह अंक भी आवेदन पत्र में होंगे अंकित
अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट की मूल प्रति व दूसरी प्रति को कोषागार में जमा करने से पहले परीक्षा कक्ष में ही अलग-अलग करके सीलबंद करने और लिफाफों पर परीक्षक व कम से कम दो अभ्यर्थियों के नाम व अनुक्रमांक सहित हस्ताक्षर कराने का भी फैसला किया गया है। बहुमंजिला परीक्षा केंद्रों पर हर मंजिल के लिए अलग-अलग स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात करने का भी फैसला बैठक में लिया गया।
अग्निहोत्री ने बताया कि छद्म नाम से परीक्षा देने की आशंका को देखते हुए फैसला किया गया है कि आवेदन करते समय ही अभ्यर्थियों के आधार कार्ड के अंतिम छह अंक भी आवेदन पत्र में अंकित कराने की व्यवस्था की जाएगी। इसका परीक्षा के समय मिलान होगा। इसी तरह परीक्षा केंद्रों पर आयोग के वरिष्ठ अधिकारी व सदस्य भी भ्रमण करेंगे।